
भोपाल। महाराणा प्रताप जहांगीराबाद शासकीय स्कूल में खेलो इंडिया वूमेन्स शूटिंग बॉल टूर्नामेंट का सफल आयोजन किया गया। राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की दस महिला टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में भोपाल की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विदिशा को 21-12 और 21-17 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। दोनों सेटों में खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और तेजी से खेलते हुए दर्शकों की तालियाँ बटोरीं।
टूर्नामेंट के दौरान कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे, जिनमें भोपाल शूटिंग बॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम भार्गव, महाराणा प्रताप क्लब के अध्यक्ष कैलाश तवानी, हिमायतुल्लाह हाशमी, भानु भारद्वाज और पुरुषोत्तम रूपचंदानी शामिल थे। शूटिंग बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष जितेंद्र सिंह बघेल, भोपाल शूटिंग बॉल संघ की संरक्षक हिमांशी चौबे और महासचिव रोहित सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विक्रम अवार्ड से सम्मानित हेमलता, रेखा, तबस्सुम और शानू तथा एकलव्य अवार्ड प्राप्त खिलाड़ी सिद्धि छतवानी, छवि, संजना, अदिति, इशिका और वंशिका की मौजूदगी ने आयोजन को और विशेष बना दिया।
सभी अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों का उत्साहवर्धन करते हुए महिला खिलाड़ियों की प्रतिभा और उनके उज्ज्वल भविष्य की सराहना की।
