
नई दिल्ली, 20 नवंबर 2025: नीतीश कुमार ने गुरुवार को 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के पद की शपथ ली है। वे 2005 से सत्ता में हैं और बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता बन चुके हैं। सवाल यह है कि क्या नीतीश कुमार देश में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड बना पाएंगे? देश में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड सिक्किम के पवन कुमार चामलिंग के नाम है, जो लगभग 24 साल 165 दिन तक CM रहे थे।
रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 2031 तक बने रहना होगा
नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के तौर पर 18 साल से ज्यादा काम कर चुके हैं। बिहार के इतिहास में किसी भी मुख्यमंत्री का इतना लंबा कार्यकाल नहीं रहा है। देश में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए नीतीश कुमार को कम से कम छह साल और पद पर बने रहना होगा। उन्हें पवन चामलिंग का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 2031 तक मुख्यमंत्री पद पर बने रहना होगा।
दूसरे स्थान पर नवीन पटनायक, फिर ज्योति बसु
पवन कुमार चामलिंग के बाद दूसरा नाम नवीन पटनायक का है, जो 24 साल 99 दिन तक ओडिशा के मुख्यमंत्री रहे। पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु 23 साल से ज़्यादा समय तक मुख्यमंत्री रहे हैं। इसके बाद मिजोरम के लाल थनहवला (22 साल) और हिमाचल प्रदेश के वीरभद्र सिंह (21 साल) का नाम आता है। नीतीश कुमार अभी इस सूची में पीछे हैं।
