
सिंगरौली । कोतवाली क्षेत्र बैढ़न के देवरा गांव में 19 वर्षीय युवक के कथित अपहरण, मारपीट और जातिसूचक अपमान का मामला सामने आया है। पीड़ित अमन साकेत की शिकायत पर बैढ़न थाना पुलिस ने देवरा निवासी तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई हैं।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक अमन साकेत 27 अगस्त की दोपहर करीब 12 बजे निजी कार्य से जा रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर उसे रास्ते में रोक लिया। शिकायत में मारपीट करने, गाली-गलौज करने तथा जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने का आरोप लगाया गया है। युवक ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने का आरोप भी लगाया है। वहीं पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मामले में अंकित शाह, अभिषेक शाह और श्याम लाल शाह निवासी देवरा को नामजद किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। वहीं एफआईआर में घटना का समय 27 अगस्त की दोपहर 12 बजे से 1 बजे के बीच बताया गया है, जबकि पुलिस में रिपोर्ट उसी दिन शाम करीब 8:27 बजे दर्ज की गई। पुलिस अब घटना की परिस्थितियों, आरोपों और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
