सिंगरौली: जिले की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 13379 धनबाद–लोकमान्य तिलक टर्मिनस साप्ताहिक ट्रेन का शुभारंभ किया गया। सीधी संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सिंगरौली रेलवे स्टेशन पर इस नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं भी ट्रेन से यात्रा प्रारंभ की।
सांसद ने कहा कि यह नई ट्रेन सेवा क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है, जिससे सिंगरौली का सीधा जुड़ाव देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से हो गया है। उन्होंने बताया कि ट्रेन सप्ताह में दो दिन संचालित होगी, जिससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने आगे कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्र में उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही स्थानीय लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यवसाय के लिए बड़े शहरों तक पहुंच आसान होगी।
सांसद ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में सिंगरौली को अन्य बड़े शहरों और राजधानी से जोड़ने के लिए भी प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
