छात्र पर हमले को लेकर फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष पर हो सख्त कार्रवाई: एनएसयूआई 

भोपाल: मध्यप्रदेश फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष संजय जैन द्वारा छात्र तुषार पर कथित मारपीट और धमकी देने की घटना ने पूरे प्रदेश में तीखा आक्रोश पैदा कर दिया है। राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) ने इस गंभीर मामले को लेकर मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव को औपचारिक शिकायतें भेजकर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने शीर्ष अधिकारियों को भेजे विस्तृत पत्र में संजय जैन को तत्काल पद से हटाए जाने और उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई शुरू करने की मांग की है। परमार ने कहा कि 28 नवंबर 2025 को तुषार पंजीयन संबंधी शिकायत लेकर फार्मेसी काउंसिल कार्यालय पहुंचे थे, जहां संजय जैन, कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों ने उन्हें कथित रूप से अंदर घसीटा, कमरे में बंद किया, बेरहमी से पीटा और जान से मारने की धमकी दी। इसे संवैधानिक मर्यादा का उल्लंघन और गंभीर आपराधिक कृत्य बताया गया है।

एनएसयूआई की प्रमुख मांगों में जैन को पद से हटाकर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना, तुषार पर दर्ज एफआईआर वापस लेना, घटना में शामिल कर्मचारियों व गार्डों की जांच, काउंसिल के सीसीटीवी फुटेज जब्त करना और परिषदों में जवाबदेही संबंधी कड़े निर्देश जारी करना शामिल है।

एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तुरंत कार्रवाई नहीं की, तो प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्रों पर अत्याचार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Next Post

मप्र कांग्रेस का 3 दिसंबर से शुरू होगा ‘अत्याधुनिक’ पॉडकास्ट स्टूडियो

Mon Dec 1 , 2025
भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस 3 दिसंबर को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में अपने बहुप्रतीक्षित और पूर्णतः सुसज्जित पॉडकास्ट स्टूडियो का शुभारंभ करने जा रही है। यह पहल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के मार्गदर्शन और संगठन प्रभारी डॉ. संजय कामले के प्रयासों से साकार हुई है। पार्टी कार्यालय की […]

You May Like