अहमदाबाद, 25 अगस्त (वार्ता) भारत के माल पर अमेरिका में भारी आयात शुल्क लगाये जाने तथा अन्य व्यापारिक कार्रवाइयों की धमकी के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनता से स्वदेशी अपनाने की अपील करते हुए सोमवार को दोहराया कि सरकार छोटे उद्यमियों का, किसानों , पशुपालकों का अहित नहीं होने देगी।
श्री मोदी ने ‘विकसित भारत, विकसित गुजरात’ बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में 5000 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद एक जन सभा को संबोधित कर थे। उन्होंने कहा, “ मेरी सरकार लघु उद्यमियों का, किसानों का, पशुपालकों का अहित नहीं होने देगी।”
प्रधानमंत्री ने कहा , “ अपने लघु उद्यमियों से कहूंगा.. दुकानदारों से कहूंगा.. किसानों-पशुपालकों से कहूंगा… मोदी के लिए आपका हित सर्वोपरि है। ”
प्रधानमंत्री का यह संदेश इस दृष्टि से और भी महत्वपूर्ण है कि अमेरिका ने भारत पर 25 प्रतिशत की दर से ऊंचा शुल्क लगाने के बाद रूस से तेल आयात को लेकर 25 प्रतिशत और शुल्क लगाने की घोषणा की है। इस तरह 27 अगस्त से वहां भारत से भेजे जाने वाले माल पर शुल्क 50 प्रतिशत हो जो ब्राजील को छोड़ कर अन्य सभी देशों में सबसे अधिक है।
ट्रम्प प्रशासन का तर्क है कि रूस से तेल खरीद कर भारत उसको यूक्रेन की लड़ाई के वित्तपोषण में मदद कर रहा है। भारत ने इस तर्क को आश्चर्यजनक और असंगत बताते हुए कहा कि रूस के कच्चा तेल का सबसे बड़ा खरीदार चीन और तरल प्राकृतिक गैस का सबसे बड़ा रखीदार यूरोपीय संघ है।
श्री मोदी देश के व्यापारियों और उपभोक्ताओं से स्वदेशी अपनाने का लगातार आह्वान कर रहे हैं। उन्होंने आज अहमदाबाद की सभा से भी स्वदेशी के प्रतीके गांधी जी के चरखे का उल्लेख किया और कहा, “चरखाधारी मोहन, हमारे पूज्य बापू ने भारत की समृद्धि का रास्ता स्वदेशी में बताया था।यहां साबरमती आश्रम है। यह आश्रम इस बात का साक्षी है कि जिस पार्टी ने उनका नाम लेकर दशकों तक सत्ता सुख भोगते रहे, उसने बापू की आत्मा को कुचल दिया।”
उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से, जो दिन-रात गांधी के नाम पर अपनी गाड़ी चलाते हैं, उनके मुंह से एक बार भी न स्वच्छता शब्द सुना होगा और न स्वदेशी शब्द सुना होगा।
श्री मोदी ने कहा,“60-65 साल देश पर शासन करने वाली कांग्रेस ने भारत को दूसरे देशों पर निर्भर रखा, ताकि वो सरकार में बैठे बैठे इम्पोर्ट (आयात) में भी खेल कर सकें, घोटाले कर सकें। लेकिन आज भारत ने आत्मनिर्भरता को विकसित भारत का आधार बना दिया है।”
प्रधानमंत्री ने ये त्योहारों के इस मौसम में लोगों से स्वदेशी अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा, “अब नवरात्र, विजयादशमी, धनतेरस, दीपावली… ये सभी त्योहार आ रहे हैं। ये हमारे संस्कृति के उत्सव तो हैं ही… ये आत्मनिर्भरता के भी उत्सव होने चाहिए।
उन्होंने कहा, “ इसलिए मैं आपसे एक बार फिर अपनी आग्रह दोहराना चाहता हूं कि हमें जीवन के अंदर एक मंत्र बनाना है कि हम जो भी खरीदेंगे ‘मेड इन इंडिया’ होगा, स्वदेशी होगा।”
श्री मोदी ने गुजरात में विनिर्माण उद्योग की प्रगति की सराहना करते हुए कहा, “ पूरा गुजरात यह देख कर गर्व करता है कि कैसे हमारा राज्य मैन्यूफैक्चरिंग का हब (केंद्र) बन गया है।”
श्री मोदी ने अपने संबोधन में देश की सुरक्षा और आतंकवाद से निपटने के लिए अपनी सरकार के दृढ संकल्प का भी उल्लेख किया। उन्होंने आतंकवाद के प्रति केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकारों के नरम रवैये की तीखी आलोचना भी की।
प्रधानमंत्री ने कहा, “ आततायी… ये हमारा खून बहाते थे और दिल्ली में बैठी कांग्रेस सरकार कुछ नहीं करती थी। लेकिन आज आतंकवादियों और उनके आकाओं को हम छोड़ते नहीं, चाहे वो कहीं भी छुपे हों।”
उन्होंने कहा कि दुनिया ने देखा है कि पहलगाम का बदला भारत ने कैसे लिया है। ऑपरेशन सिंदूर के तहत छह-सात मई की रात भारत की सेनाओं ने 22 मिनट ही पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में आंकवादियों के अड्डों का सफाया कर दिया।
उन्होंने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर… हमारी सेना के शौर्य और सुदर्शन चक्रधारी मोहन के भारत की इच्छाशक्ति का प्रतीक बन गया है।”
इससे पहले प्रधानमंत्री अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे पर सोमवार को अहमदाबाद हवाई अड्डे पर पहुंचे।
राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत किया।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सी.आर. पाटिल, राज्य के मुख्य सचिव पंकज जोशी, पुलिस महानिदेशक विकास सहाय, सामान्य प्रशासन की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुनयना तोमर,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे पर सोमवार को अहमदाबाद हवाई अड्डे पर पहुंचे।
श्री मोदी का गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने आज अहमदाबाद हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत किया।
