
छतरपुर। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। भुस्का गांव के पास बाइक सवार मां-बेटे को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि 45 वर्षीय मिलन पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां हीराबाई गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मिलन पटेल को मृत घोषित कर दिया, जबकि हीराबाई को गंभीर हालत में ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
मंगलवार सुबह करीब 9 बजे परिजनों ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम कर शव उन्हें सौंप दिया गया है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। वहीं स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
