सिंगरौली/देवसर: जिले के देवसर तहसील अंतर्गत ग्राम जियावन (डांड़) में मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अवैध शराब से लदी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद वाहन में भरी सैकड़ों पेटी शराब सड़क पर बिखर गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों का हुजूम मौके पर उमड़ पड़ा। कोई शराब की बोतलें इधर ले जाता दिखा तो कोई उधर, जिससे कुछ देर के लिए पूरा इलाका “शराबमय” नजर आया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रात करीब 11 बजे यह पिकअप वाहन गांव के रास्ते से गुजर रही थी, तभी चालक का नियंत्रण बिगड़ने से वाहन पलट गया। बताया जा रहा है कि यह शराब अवैध रूप से अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई किए जाने के लिए ले जाई जा रही थी। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से शराब का अवैध कारोबार फल-फूल रहा है और ठेकेदार से जुड़े लोग रात के अंधेरे में इस गोरखधंधे को अंजाम दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि जियावन और आसपास के क्षेत्रों में रात के समय लगातार संदिग्ध वाहनों की आवाजाही देखी जाती है, जिनके माध्यम से अवैध शराब की खेप गांव-गांव पहुंचाई जाती है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग कार्रवाई के नाम पर केवल औपचारिकता निभा रहा है।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई की जाती, तो इस तरह का अवैध कारोबार खुलेआम नहीं चलता। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और आबकारी विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने की चर्चा है। अब यह देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और अवैध शराब कारोबार पर कितना अंकुश लग पाता है।
