
इंदौर. सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने का शौक कुख्यात बदमाश भय्यू सुरीला को सलाखों के पीछे ले गया. हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो में वह शहर के अन्य बदमाशों को खुलेआम धमकी देता नजर आया था. पुलिस ने वीडियो को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
पिछले दिनों एक वीडियो वायरल हुआ था वीडियो में भय्यू सुरीला तीन-चार बदमाशों को चुनौती देते हुए कह रहा था कि जैसे पुलिस को उनकी जानकारी देते हो, वैसे ही मुझे भी दे देना, जहां मिलोगे वहीं पहुंच जाऊंगा. यह वीडियो वायरल होते ही आजाद नगर पुलिस हरकत में आई और आरोपी को दबोच लिया. आजाद नगर थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि शहर में बड़े आपराधिक गिरोहों पर भले ही कार्रवाई हो चुकी हो, लेकिन छोटे-छोटे गुट अब भी सक्रिय हैं, जो सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे को धमकाते रहते हैं. भय्यू सुरीला का भी आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और उसके पुराने मामलों की जांच की जा रही है.
