रेहटी में मां ही निकली बेटी की कातिल, प्रेमी के साथ मिलकर मासूम को उतारा मौत के घाट

रेहटी। जिले के रेहटी थाना क्षेत्र के ग्राम बाबरी में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. नौ साल की मासूम राधिका की गला घोंटकर हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए उसकी मां और मां के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि प्रेम प्रसंग में रोड़ा बन रही बेटी को रास्ते से हटाने के लिए सुनियोजित साजिश रची गई और गत 17 फरवरी को इस वारदात को अंजाम दिया गया.

पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में मां सुषमा यदुवंशी ने रेहटी थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया था कि उसकी बेटी की किसी अज्ञात व्यक्ति ने गला घोंटकर हत्या कर दी। इस आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कहारे के नेतृत्व में टीम ने जब संदिग्ध राहुल यदुवंशी से सख्ती से पूछताछ की तो पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया. राहुल ने कबूल किया कि उसका मृतका की मां सुषमा के साथ प्रेम संबंध था और राधिका उनके प्रेम में बाधा बन रही थी. दसबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस मां को बेटी की सुरक्षा की ढाल होना चाहिए था, वही उसकी मौत की साजिश में शामिल निकली। पुलिस ने दोनों आरोपियों—राहुल यदुवंशी और सुषमा यदुवंशी को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है. घटना के खुलासे के बाद ग्राम बाबरी सहित पूरे क्षेत्र में गहरा आक्रोश है. लोग इस निर्मम कृत्य को लेकर स्तब्ध हैं. मासूम राधिका की हत्या ने रिश्तों की मर्यादा और मानवीय संवेदनाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को सख्त सजा दिलाने के लिए ठोस साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.

साजिश के तहत मां गई मजदूरी, प्रेमी ने घोंटा गला

पुलिस जांच में सामने आया कि 17 फरवरी को पूर्व नियोजित योजना के तहत सुषमा सुबह 9 बजे मजदूरी पर चली गई, ताकि घर में राधिका अकेली रहे. तय समय पर राहुल घर में दाखिल हुआ और मासूम का गला घोंटकर हत्या कर दी. इसके बाद मामले को अज्ञात आरोपी की करतूत बताकर पुलिस को भटकाने की कोशिश की गई,लेकिन पुलिस ने दोनों की साजिश को भांप लिया और मामले का खुलासा कर दिया.

Next Post

5 साल बाद मिला बिछड़ा बेटा : सिंगोली पुलिस ने गुमशुदा युवक को सकुशल परिवार से मिलाया

Sat Feb 21 , 2026
नीमच। पांच साल से लापता युवक को तलाश कर सिंगोली पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। थाना सिंगोली पुलिस ने वर्ष 2021 से गुमशुदा चल रहे व्यक्ति को दस्तयाब कर सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 अगस्त 2021 को सूचना मिली थी […]

You May Like