
शाजापुर।आसमान पर बादल छाने से अब तक सर्दी से राहत मिली हुई थी. लेकिन शनिवार से मौसम में बदलाव होने लगा है. इस दिन दिन और रात के तापमान में गिरावट हुई. वहीं हवा की गति भी बढ़ी. मौसम विभाग की माने तो दिसंबर के पहले सप्ताह से मौसम पूरी तरह सर्द हो जाएगा. अक्टूबर माह के अंतिम सप्ताह से सर्दी की शुरूआत हो गई थी. उम्मीद थी कि नवंबर से ही मौसम पूरी तरह सर्द हो जाएगा लेकिन सेनयोर तुफान के कारण आसमान पर बादल छाने लगे थे. इसके चलते सर्दी का असर कम दिखाई दे रहा था. वहीं तापमान भी 30 डिग्री तक दर्ज किया जा रहा था. शनिवार को तापमान कम होने लगा. इस दिन अधिकतम तापमान 27.7 व न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं हवाओं की गति भी बढक़र 15 किमी पहुंच गई. जबकि एक दिन पूर्व अधिकतम तापमान 28.8 व न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री था. वहीं हवाओं की गति भी 14 किमी थी. मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि फिलहाल हवाओं की दिशा उत्तर पूर्वी है. जिससे अभी भी सर्दी का असर कम है. लेकिन संभावना है कि दिसंबर माह के पहले सप्ताह से हवाएं पूरी तरह उत्तरी हो जाएंगी जिससे मौसम पूरी तरह सर्द होने की संभावना है.
