युवा कांग्रेस की कार्यकारिणी बैठक, पंचायत स्तर तक मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प

भोपाल: मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस की नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी की पहली महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, भोपाल में संपन्न हुई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि संगठन अब पंचायत स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करेगा और जनता से जुड़े मुद्दों को अधिक प्रभावी ढंग से उठाएगा। बैठक में मप्र कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) प्रभारी मनीष शर्मा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी शिवि शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव मितेंद्र सिंह, सह प्रभारी रूपेश भदौरिया और प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश लख्खन घनघोरिया उपस्थित रहे।

 

बैठक को संबोधित करते हुए हरीश चौधरी ने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे “जनहित से जुड़े हर मुद्दे को पंचायत स्तर पर मुखरता से उठाएं।” वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया और कहा कि हर कार्यकर्ता को राज्य के प्रत्येक बूथ पर कम से कम दस युवाओं को जोड़ने का संकल्प लेना चाहिए।

 

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने युवाओं का विश्वास मजबूत करने की आवश्यकता बताई और कहा कि युवा कांग्रेस को यह साबित करना होगा कि वह युवाओं के अधिकारों की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। IYC प्रभारी मनीष शर्मा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनावों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया, ताकि स्थानीय स्तर पर युवाओं की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

 

प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश घनघोरिया ने कहा कि संगठन गांव-गांव और पंचायतों तक पहुंचकर जनता की मूलभूत समस्याओं को गंभीरता से उठाएगा। राष्ट्रीय महासचिव मितेंद्र सिंह ने कहा कि युवा कांग्रेस ही एक ऐसा मंच है जो सामान्य परिवारों के युवाओं को भी नेतृत्व का अवसर देकर जनता की लड़ाई लड़ने के लिए प्रेरित करता है।

 

बैठक में प्रदेश प्रभारी शिवि शर्मा ने 100 दिनों की कार्ययोजना प्रस्तुत की, जिसमें डोर-टू-डोर अभियान, पंचायत चौपाल और अन्य जमीनी कार्यक्रम शामिल हैं। मीडिया चेयरमैन अभिज्ञान शुक्ला ने बताया कि बैठक में एक प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं को IYC ऐप के माध्यम से अपनी गतिविधियों की रिपोर्टिंग के तरीके समझाए गए। यह रिपोर्टिंग भविष्य में पदाधिकारियों के कार्य के मूल्यांकन का आधार बनेगी।

Next Post

विश्व बैंक की सहायता से छिंदवाड़ा सीवरेज परियोजना का काम पूरा परियोजना लागत 237 करोड़ रूपये

Fri Nov 28 , 2025
भोपाल।नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपक्रम मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट द्वारा विश्व बैंक की सहायता से छिंदवाड़ा सीवरेज परियोजना का काम पूरा कर लिया गया है। परियोजना की कुल लागत 237 करोड़ रुपये है, जिसमें इसके 10 वर्षों के संचालन और रखरखाव का खर्च भी शामिल है। परियोजना के तहत […]

You May Like