
श्यामपुर। स्कूली छात्रा का पीछा कर उसके साथ छेड़छाड़ करने के दो नाबलिग आरोपियों और उसके पिता के खिलाफ श्यामपुर पुलिस ने पाक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के पिता को जेल तथा दोनों नाबालिगों को बाल संपे्रक्षण गृह भेजा गया है. नाबालिग आरोपी अपने पिता की शह पर छात्रा के साथ छेड़छाड़ की हरकत को अंजाम देता था.
गौरतलब है कि श्यामपुर निवासी नाबलिग छात्रा के साथ स्थानीय निवासी एक नाबालिग अपने साथी के साथ मिलकर छेड़छाड़ करता था तथा स्कूल आते- जाते समय उसका पीछा करता था. तंग आकर छात्रा ने जब आरोपी के पिता फहीम से उसके बेटे की शिकायत की तो उसने अपने बेटे को डांटने की जगह छात्रा से कहा कि तुम मेरे बेटे की बात क्यों नहीं मानती हो. तंग आकर छात्रा ने अपने परिजनों को पूरी बात बताई. इस हरकत से नगर के हिन्दू समाज में आक्रोश का माहौल निर्मित हो गया. विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ता, पीडि़त छात्रा व परिजनों के अलावा बड़ी संख्या में नागरिक भी थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. मामला बिगड़ते देख आरोपी फहीम, उसका बेटा और उसका दोस्त तीनों फरार हो गए. उन्हें पकडऩे के लिए पुलिस की टीमों ने रात में ही कई स्थानों पर दबिश डाली. आखिरकार फहीम को शुजालपुर से पुलिस ने दबोच लिया, जबकि दोनों नाबालिगों को भी उनके रिश्तेदारों के घर से पुलिस उठाकर थाने ले आई. आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही लोगों का आक्रोश शांत हुआ और वह थाने से रवाना हुए. इस मामले में पुलिस ने आरोपी फहीम के अलावा उसके बेटे व एक अन्य नाबालिग के खिलाफ 74,351(3),3(5) बीएनएस, 7/8 पाक्सो एक्ट का पंजीबद्ध कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से आरोपी फहीम खान को जेल व दोनों विधि संघर्षरत बालकों ( नाबालिगों) को भोपाल के बाल संपे्रक्षण गृह भेजा गया है.
