
खिलचीपुर। वर्तमान में गेहूं फसल में यूरिया खाद की सख्त आवश्यकता है, परन्तु खाद नहीं मिलने से किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. गुरुवार को खिलचीपुर में बस स्टैंड के पास स्थित कृषक सहकारी विपणन समिति के द्वारा खाद नहीं होने पर वितरण नहीं हो सका. शुक्रवार को खाद लेने के लिए यहां काफी लम्बी लाइन लगी. खाद के लिए लम्बी लाइन लगने के साथ ही लड़ाई-झगड़े तक की नौबत आ रही है.
गौरतलब है कि वर्तमान में गेहूं फसल में यूरिया खाद की अति आवश्यकता है. खाद लेने के लिए सुबह से ही सहकारी विपणन समिति के बाहर लम्बी लाइन लग रही है, किंतु घंटो तक लाइन में लगने तथा परेशानियों का सामना करने के बाद भी खाद नहीं मिल पा रहा है.
सहकारी विपणन समिति में खत्म हुआ खाद गुरुवार को सहकारी विपणन समिति में यूरिया खाद खत्म हो गया. इसकी सूचना प्रबंधन द्वारा खिडक़ी पर सूचना लगाते हुए कहा गया कि आज यूरिया खाद नहीं है. बावजूद इसके इस संभावना के साथ कि कहीं खाद आ जाएगा यहां लम्बी लाइन लगी रही.
इसके बाद शुक्रवार को रेक लगने पर खाद आयी जिसका वितरण किया गया. खाद लेने के लिए काफी लम्बी लाइन लगी.
आधार कार्ड रखकर लगाई लाइन
किसान आधार कार्ड और जमीन की पट्टी की फोटोकॉपी जमीन पर रखकर लाइन लगा रहे है. शुक्रवार को किसान वहां पहुंचे उन्होंने कार्यालय की खिड़कियों पर सूचना लगी देखी कि यूरिया नहीं है, दुकान बंद रहेगी, फिर भी खाद की उम्मीद में काफी देर तक बैठे रहे.
तीन दिन से लग रहे लाइन में अनेक किसानों का कहना है कि वह तीन दिन से खाद के लिए लाइन में लग रहे है परन्तु खाद नहीं मिल रहा. शुक्रवार को सहकारी विपणन समिति का कार्यालय ही बंद रहा. ग्राम गादिया कलां के किसान मदन सिंह ने कहा कि वह सुबह 6 बजे से आ रहे है, शाम तक खड़ा रहता हूं, परन्तु कहा जा रहा है कि अभी खाद नहीं है, गाड़ी नहीं आई. वाहन पेट्रोल का खर्च अलग लग रहा है. शुक्रवार को तीसरे दिन भी बिना खाद लिए वापस लौटना पड़ा. केसरबाई ने कहा कि वह तीन दिन से खिलचीपुर स्थित सहकारी विपण समिति कार्यालय पर खाद के लिए आ रही है लेकिन खाद नहीं मिला.
लड़ाई-झगड़े तक की नौबत खाद के लिए लगने वाली लम्बी लाइन में धक्का-मुक्की के साथ ही लड़ाई-झगड़े तक की नौबत आ रही है. गुरुवार को कुछ किसानों के बीच ऐसा ही मामला हो गया. सोशल मीडिया पर एक विडियों वायरल हो रहा है जो कि खिलचीपुर का है, जिसमें खाद लेने आए कुछ किसानों के बीच आपस में झगड़ा हो रहा है. बताया जा रहा है कि भीड़ बढने पर धक्का-मुक्की, बहस होने के साथ ही झगड़े तक की नौबत आ रही है.
