
इटारसी। कीरतपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक राइस मिल की लापरवाही का खामियाजलजा युवक को अपनी जान देकर गंवाना पड़ा। दरअसल गत दिनों राइस मिल में काम करते वक्त हादसे का शिकार हुए युवक की भोपाल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस हादसे ने प्रबंधन के इंतजामों की पोल खोलकर रख दी है।
क्या है मामला
कीरतपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित राइस मिल में कार्यरत पुरानी इटारसी निवासी संतोष सराठे रोजाना की तरह काम कर रहा था। इसी दौरान कंपनी में लगे बॉयलर से अचानक गर्म पानी संतोष के ऊपर गिर गया। बताया जाता है कि गर्म पानी गिरने की वजह से संतोष बुरी तरह से झुलस गया था जिसे उपचार के लिए तत्काल शहर के निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां उसकी हालत को देखते हुए उसे भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में तीन दिनों तक जिंदगी और मौत से जंग लड़ने के बाद आखिरकार संतोष की मौत हो गई। घटना की जानकारी लगने के बाद मामले में पुलिस फिलहाल मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
प्रबंधन ने छिपाई जानकारी
बताया जाता हे की राइस मिल में हुए हादसे को लेकर प्रबंधन ने मामले को छिपाने का प्रयास किया। नियम अनुसार किसी भी हादसे की जानकारी पुलिस को देना जरूरी है लेकिन प्रबंधन ने संतोष सराठे के साथ हुए हादसे की सूचना पुलिस को देना तक उचित नहीं समझा। पुलिस ने मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच की।
कौन लेगा जवाबदारी
हादसे में अपनी जान गंवाने वाले संतोष सराठे की मौत के बाद परिवार सदमे में है। बताया जाता हे वह एकमात्र कमाने वाले व्यक्ति थे। अब इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर संतोष की मौत की जिम्मेदारी लेगा कौन। क्योंकि मामले में अगर देखा जाए तो एक प्रकार से कंपनी के मालिक से लेकर जनरल मैनेजर, बॉयलर का ठेका लेने वाले सहित कई दोषी हैं। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है।
इनका कहना है
मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही हैं जांच के बाद जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।
संजीव पवार
थाना प्रभारी, पथरौटा
