
भोपाल। मोहन सरकार से आईएएस संतोष वर्मा को बर्खास्त करने की मांग को लेकर रोशनपुरा चौराहे पर प्रदर्शन किया गया. गुरूवार को देर शाम बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोगों ने वर्मा के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए विरोध किया. प्रदर्शन को उग्र होता देख पुलिस ने इस मौके पर समाज के कई नेताओं को भी गिरफ्तार किया, जिन्हें देर रात रिहा कर दिया गया. विरोध प्रदर्शन के बीच ट्रैफिक जाम की समस्या भी बनी रही.
ब्राह्मण समाज के बैनर तले हुए प्रदर्शन के बीच आईएएस वर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई. प्रदर्शन के दौरान सुधीर नायक, नगर निगम भोपाल के पूर्व अध्यक्ष कैलाश मिश्र, पुष्पेंन्द्र मिश्रा और कर्मचारी नेता श्यामसुंदर शर्मा सहित समाज के लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया.
एकजुट हुए लोगों ने कहा कि वर्मा ने ब्राह्मण समाज महिलाओं और बेटियों को लेकर जो टिप्पणी की है, उसे माफ नहीं किया जाएगा. लोगों ने वर्मा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शासकीय सेवा से उनको बर्खास्त करने की मांग की.
आईएएस वर्मा को लेकर समाज के लोगों ने इस मौके पर कहा कि वर्मा इससे पहले भी विवादित टिप्पणी कर चुके हैं. ऐसे लोगों के खिलाफ अगर सरकार ने जल्द ही बडा एक्शन नहीं लिया, तो प्रदेश स्तर बड़ा आंदोलन किया जाएगा. ब्राह्मण समाज के प्रदर्शन के बीच यातायात भी पूरी तरह प्रभावित रहा है. भोपाल रेलवे स्टेशन, माता मंदिर, जवाहर चौक, पालीटेक्टनिक चौराहे की ओर जाने वाले वाहन देर तक जाम में फंसे रहे. पुलिस ने समाच के लोगों को समझाते हुए रास्ते खाली कराए, जिसके बाद आवागमन सुचाररूप से संचालित किया जा सका.
बता दें कि आईएएस वर्मा ने हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान ब्राह्मण समाज की बहू बेटियों को लेकर टिप्प्णी की थी. ब्राह्मण समाज ने वर्मा पर आरोप लगाते हुए तुरंत ही सरकार और प्रशासन से उन पर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की. वर्मा के खिलाफ समाज के लोगों में लगातार नाराजगी बनी हुई है. हर रोज उनके खिलाफ ब्राह्मण समाज के लोग अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं.
