इंदौर: शहर में रहने वाली ने अपने पति प्रवीण शर्मा के खिलाफ लगातार उत्पीड़न और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है. सुरक्षा की दृष्टि से इंदौर पुलिस ने मामला दर्ज कर इसे राजस्थान पुलिस को भेज दिया है, क्योंकि आरोपी वहीं निवास करता है.पलासिया थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह रघुवंशी ने बताय कि थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने शिकायत में बताया कि प्रवीण शर्मा पहले कोटा की एक निजी कोचिंग में कार्यरत थे.
2009 में शादी के बाद उनकी पोस्टिंग दिल्ली, बड़ौदा और राजकोट में भी रही. कोटा में कार्यकाल के दौरान प्रवीण पर एक छात्रा द्वारा छेड़छाड़ का आरोप लगा था, जिसके चलते उन्हें नौकरी से हटाया, इसके बाद प्रवीण तनाव में रहने लगा और बाद में सीकर की कोचिंग में पढ़ाने लगा. महिला ने आरोप लगाया कि प्रवीण लगातार उससे पैसे की मांग करता है ताकि पुराने विवाद को शांत किया जा सके.
जुलाई 2024 में प्रवीण ने महिला के साथ मारपीट भी की थी, उस दौरान बच्चों के रोने पर मारपीट रुकी थी, लेकिन उन्होंने धमकी दी कि उनकी बात माननी होगी. मारपीट के बाद महिला करीब 10 दिन बीमार रही. परेशानी बढ़ने पर महिला ने इंदौर में रहने वाले अपने मामा विनोद को मामले की जानकारी दी. मामा ने कार भेजकर उसे, बच्चों और उसकी भांजी को इंदौर बुला लिया, इसके बाद भी प्रवीण इंदौर आकर विवाद करता रहता है. महिला ने कहा कि राजस्थान में उसकी जान का खतरा है. इस बात को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने आरोपी प्रवीण शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और मामला राजस्थान पुलिस को सौंप दिया.
