
छतरपुर। पठापुर रोड पर देर रात एक युवक को गोली लगने का मामला सामने आया है। झुग्गी में सो रहे 25 वर्षीय राजू पर उसके ही रिश्तेदारों ने हमला किया और कथित तौर पर जांघ में गोली मार दी। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं पुलिस ने पूरे मामले को संदिग्ध बताते हुए जांच शुरू की है।
राजू पिछले पांच वर्षों से छतरपुर में रह रहा है। उसके अनुसार, रात करीब 12:30 बजे वह अपनी मां हीरा और बहू शिवानी के साथ झुग्गी में सो रहा था। तभी उसका चचेरा भाई महेश, कल्लू और उनके जीजा गजेंद्र रजक वहां पहुंचे। राजू का दावा है कि आरोपियों ने पहले छोटे भाई अर्जुन को गालियां दीं और लाठी-डंडों से पीटा, इसके बाद महेश ने उसकी दाहिनी जांघ में गोली मार दी।
परिवार में जमीन को ले कर चल रहा था विवाद
राजू ने बताया कि परिवार के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उसने यह भी आरोप लगाया कि 2012 में उसे 15 वर्षीय लड़की के अपहरण और हत्या के एक मामले में झूठा फंसाया गया था, जमानत पर बाहर आने के बाद से वह छतरपुर में रह रहा है। घटना के बाद उसने 112 पर कॉल किया, लेकिन पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। उसका कहना है कि पैर में अभी भी गोली फंसी है और उसे सही इलाज नहीं मिल पाया।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी ने बताया कि युवक को गोली लगी है और उसका उपचार जिला अस्पताल में जारी है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, वे पुलिस के पहुंचने पर अपने घरों में सोते मिले। इससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
