
नई दिल्ली, 26 नवंबर, 2025: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज में मिली हार के बाद अब तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। वनडे सीरीज के लिए घोषित भारतीय टीम में अनुभवी खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली को जगह मिली है, जिससे सीरीज का रोमांच दोगुना हो गया है। माना जा रहा है कि ये दोनों खिलाड़ी टेस्ट में मिली हार का बदला लेने मैदान पर उतरेंगे, क्योंकि अब वे सिर्फ वनडे क्रिकेट ही खेल रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार हैं आंकड़े
साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में रोहित और विराट दोनों का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। रोहित शर्मा ने 26 वनडे मैचों में 3 शतक और 2 अर्धशतकों के साथ 806 रन बनाए हैं। वहीं, विराट कोहली ने 31 मैचों में 65.39 की शानदार औसत से 1504 रन बनाए हैं, जिसमें 5 शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं। भारतीय टीम की जीत का दारोमदार इन दोनों दिग्गजों पर होगा।
30 नवंबर से वनडे सीरीज का आगाज
तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मैच 30 नवंबर को रांची में खेला जाएगा, इसके बाद दूसरा वनडे 3 दिसंबर को रायपुर में और तीसरा वनडे 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा। वनडे सीरीज में घायल शुभमन गिल की जगह केएल राहुल टीम इंडिया के कप्तान हैं।
