
नई दिल्ली, 26 नवंबर, 2025: मध्य प्रदेश में शेड्यूल्ड कास्ट्स एंड ट्राइब्स ऑफिसर्स एम्प्लॉइज यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष और सीनियर IAS ऑफिसर संतोष वर्मा को भोपाल में एक इवेंट में दिए गए बयान का वीडियो वायरल होने के बाद कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा है। वायरल वीडियो में उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है कि जब तक कोई ब्राह्मण अपनी बेटी मेरे बेटे को दान नहीं कर देता या उससे रिश्ता नहीं कर लेता, तब तक आरक्षण जारी रहना चाहिए।
विवाद बढ़ने पर IAS अधिकारी ने मांगी माफी
आलोचना बढ़ने के बाद, संतोष वर्मा ने सफाई देते हुए कहा कि उनका मकसद कोई पॉलिटिकल हंगामा खड़ा करना नहीं था। उन्होंने कहा, “हमारा मेन मुद्दा यह था कि रिजर्वेशन सोशल नहीं, बल्कि इकोनॉमिक आधार पर होना चाहिए।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके बयान का आशय ‘रोटी-बेटी’ जैसा सामाजिक व्यवहार मिलने से था। उन्होंने कहा, “अगर किसी को बुरा लगा हो, तो मैं दिल से माफी मांगता हूं।”
ब्राह्मण समाज ने बताया अपमानजनक
अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज ने संतोष वर्मा के इस कमेंट की कड़ी निंदा की है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पुष्पेंद्र मिश्रा ने इस बयान को अभद्र, जातिवादी और ब्राह्मण बेटियों का अपमान बताया है। उन्होंने इसे ऑल इंडिया सर्विस कंडक्ट रूल्स का उल्लंघन करार दिया और चेतावनी दी है कि यदि सरकार कार्रवाई नहीं करती है, तो वे कोर्ट के साथ-साथ सड़कों पर भी विरोध प्रदर्शन करेंगे।
