
भोपाल। कोर्टयार्ड मैरियेट में मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में टैगोर अंतरराष्ट्रीय साहित्य एवं कला महोत्सव विश्व रंग के सातवें संस्करण को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की गई। प्रेस वार्ता में विश्व रंग के महानिदेशक और रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष चौबे, सहनिदेशक डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी, आईसेक्ट ग्रुप की निदेशक डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, प्रवासी साहित्य एवं संस्कृति शोध केंद्र के निदेशक डॉ. जवाहर कर्णावट तथा टैगोर विश्व कला एवं संस्कृति केंद्र के निदेशक विनय उपाध्याय ने आयोजन के सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। संतोष चौबे ने बताया कि विश्व रंग 27 से 30 नवंबर तक रवीन्द्र भवन परिसर में आयोजित किया जायेगा। 2019 में शुरू हुई यह पहल अब 35 देशों के प्रतिनिधियों और हजार से अधिक प्रतिभागियों के साथ एशिया का सबसे बड़ा गैर-सरकारी सांस्कृतिक कुंभ बन चुकी है। इस बार 90 से अधिक सत्र आयोजित होंगे. इस साल की थीम 21 वीं सदी की चुनौतियों पर आधारित है. जिनमें साहित्य, कला, विज्ञान, मीडिया, शिक्षा और संस्कृति के विविध पक्षों पर चर्चा और प्रस्तुति होगी। डॉ. चौबे ने बताया कि 27 नवंबर की शाम राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मॉरिशस के पूर्व राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह रूपन की उपस्थिति में महोत्सव का शुभारंभ होगा। इस अवसर पर श्रीराम कला केंद्र नई दिल्ली द्वारा श्रीकृष्ण लीला का भव्य मंचन होगा। 40 देशों के प्रवासी और एक हजार कलाकार चित्रवीथी में कार्यक्रम को रंगों से सजाने का काम करेंगे. साथ ही भारतीय व्यंजनों के जायके के साथ उत्तर पूर्वी राज्यों के हस्तशिल्प प्रोडक्ट सहित बच्चों के लिये विज्ञान की वर्कशाप भी आयोजित की जायेंगी. जो विश्वरंग को एक नया आयाम देने की दिशा में काम करेगा.
नवाचार और विविधता विश्व रंग की पहचान
विश्व रंग का दायरा हर वर्ष बढ़ता जा रहा है इस बार भी हजारों लोग पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर चुके हैं। भव्य कार्यक्रम में फैजल मलिक, दिव्या दत्ता, स्वानंद किरकिरे, देवदत्त पटनायक, पिया मलिक, नीलोत्पल मृणाल, सौरभ द्विवेदी जैसे प्रमुख वक्ताओं की भागीदारी रहेगी. वहीं आदिरंग प्रकोष्ठ में जनजातीय कला, शिल्प और दो विरासत फिल्मों गणगौर गाथा और संजा का प्रदर्शन होगा। 35 से अधिक देशों की सहभागिता, यूक्रेन के छात्रदल द्वारा हिंदी नाटक और गिरमिटिया इतिहास पर आधारित प्रदर्शनी कुली से कुलीन तक की विशेष जानकारी दी. समापन समारोह में मॉरिशस के पूर्व राष्ट्रपति, पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल की उपस्थिति में विश्व हिन्दी ओलंपियाड के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
