मंडला:खेलो एमपी यूथ गेम्स के अंतर्गत राज्य स्तरीय पिट्टू क्रीड़ा प्रतियोगिता में मंडला जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। 28 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक ग्वालियर जिले में आयोजित इस प्रतियोगिता में मंडला जिले की बालक एवं बालिका टीमों ने उपविजेता रहते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया।फाइनल मुकाबला बालक व बालिका दोनों वर्गों में जबलपुर संभाग बनाम इंदौर संभाग के बीच खेला गया, जिसमें दोनों ही मुकाबले अत्यंत रोमांचक रहे।
कड़े संघर्ष के बाद जबलपुर संभाग की टीम उपविजेता रही और सिल्वर मेडल जीतने में सफल हुई। जबलपुर संभाग की टीम में मंडला जिले के खिलाड़ियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। इस उपलब्धि के पीछे मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा, जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी विकास खराडकर, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग मंडला वंदना गुप्ता, जिला खेल अधिकारी मंगल सिंह पंद्रे, कोच डी. एस. ठाकुर एवं अवध कुमार पटेल के मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
जबलपुर संभाग की टीम में मंडला जिले से शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सालीवाड़ा (विकासखंड नैनपुर) के छात्र अभिषेक भंवरे, रवि प्रकाश, अनिल भंवरे, सुजल धुर्वे तथा छात्राएं कु. रवीना उलाड़ी, कु. संध्या यादव, आस्था परते, खुशबू मशकोले शामिल रहीं। वहीं शासकीय सर्वोदय उच्च माध्यमिक विद्यालय ककैया की छात्राएं कु. सृष्टि झारिया, कु. श्रेया झारिया, कु. रेवती नंदा तथा छात्र मनीष कुमरे, मनोज भंवरे एवं शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय घुटास से नरेन्द्र परते ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
सभी विजेता खिलाड़ी छात्र-छात्राओं को सालीवाड़ा की प्राचार्य कौशल्या नेटी, ककैया के प्राचार्य जयनारायण मिश्रा, कोच विपिन कुजूर, पीटीआई राजकुमार बाबरिया, डी. एस. ठाकुर, कृपाल दास बैरागी, रामफल गोठरिया, अवध पटेल, जिला खेल प्रशिक्षक डॉ. आकाश खत्री, सोना दुबे, ब्लॉक समन्वयक त्रिलोक डोंगरे, शशांक मिश्रा, करूणा मरस्कोले, रामवती परते सहित शिक्षकगण एवं खेल प्रेमियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मंडला जिले के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में खेलों के प्रति उत्साह और गौरव की भावना और अधिक मजबूत हुई है।
