बिहार कांग्रेस की दिल्ली में बैठक, हार के कारणों की होगी समीक्षा

नयी दिल्ली, 25 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस को बिहार विधानसभा चुनाव में मिली करारी शिकस्त के बाद पटना से लेकर दिल्ली तक पार्टी में सरगर्मी तेज हो गयी है।

इस चुनाव में हार के कारणों की समीक्षा के लिये कांग्रेस आलाकमान ने दिल्ली में बैठक बुलायी है। सूत्रों के अनुसार 27 नवंबर को कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में दोपहर तीन बजे बैठक बुलायी गयी है। इस बैठक में पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, प्रभारी कृष्णा अल्लावरू, विधायक दल के पूर्व नेता,राज्य से पार्टी के सांसद, निर्दलीय सांसद पप्पू यादव तथा सभी कांग्रेस प्रत्याशियों को बुलाया गया है।

बैठक में हार की समीक्षा के साथ साथ राज्य में पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिये आगे की रणनीति पर भी चर्चा होगी। विधानसभा चुनाव में पार्टी को हुए नुकसान को लेकर मंगलवार को नाराज़ नेताओं का एक गुट दिल्ली पहुंचा जिसने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात करने का वक्त मांगा । नाराज नेताओं का गुट हार की ज़िम्मेदारी तय करने की मांग कर रहा है।

गौरतलब है कि कांग्रेस नेतृत्व ने बिहार चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों, भ्रामक बयानबाजी और संगठनात्मक निर्णयों की अवहेलना के लिए छह से ज्यादा नेताओं को छह वर्ष के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किया है। बिहार महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने पहले ही अपने पद से इस्तीफे दे दिया था।

 

 

Next Post

मोदी कल करेंगे सफ्रान एयरक्राफ्ट इंजन सर्विसेज इंडिया सुविधा केंद्र का उद्घाटन

Tue Nov 25 , 2025
नयी दिल्ली, 25 नवंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, हैदराबाद में सफ्रान एयरक्राफ्ट इंजन सर्विसेज इंडिया (एसएईएसआई) सुविधा केंद्र का उद्घाटन करेंगे। आधिकारिक सूचना के अनुसार श्री मोदी सुबह 10 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जीएमआर एयरोस्पेस और औद्योगिक पार्क में इस सुविधा […]

You May Like