नयी दिल्ली 25 नवंबर (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनता विशेषकर महिलाओं को धोखा देने का आरोप लगाया है और भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने विधानसभा चुनाव में महिलाओं को 2500 रूपए प्रति माह देने का वादा किया जो अब तक नहीं दिया गया। श्री यादव ने मंगलवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा ने 2500 रूपये देने के नाम पर महिलाओं का वोट लिया और सत्ता में आने के बाद इससे मुकर गयी। उन्होंने जोर दिया कि दिल्ली नगर निगम उपचुनाव में महिलाएं हर धोखे का बदला भाजपा से लेगी।
उन्होंने कहा, “दिल्ली में हमें कई कार्यक्रम करने के लिए अनुमति नहीं मिली। सरकार में आने से पहले बहुत सारे वादे किए गए जिसमें एक वादा सस्ता सिलिंडर का था और दूसरा पच्चीस सौ रुपये देने का वादा था। दस महीने हो गए हालात पहले जैसे ही बने हुए हैं। ढाई हजार रुपये में जीवन तो नहीं बदल सकते लेकिन जीवन बेहतर हो सकता है। रेखा गुप्ता महिला होते हुए भी महिलाओं का दर्द समझ नहीं पा रही हैं। देश और दिल्ली के हालात ठीक नहीं हैं।” गौरतलब है कि दिल्ली में नगर निगम उपचुनाव में सरगर्मियाँ तेज हैं तथा 12 वार्डों में उपचुनाव को लेकर भाजपा, आप और कांग्रेस आमने सामने हैं।

