मुंबई, (वार्ता) बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेन्द्र को पहली फिल्म ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ के लिये 51 रूपये मिले थे।
धर्मेन्द्र ने अपने सिने करियर की शुरूआत वर्ष 1960 में प्रदर्शित निर्देशक अर्जुन हिंगोरानी की फिल्म ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ से की थी। इस फिल्म के लिए धर्मेंद्र को सिर्फ 51 रुपए मिले थे। इस फिल्म के बाद भी धर्मेंद्र ने जितनी भी फिल्में अर्जुन हिंगोरानी के साथ कीं, सिर्फ नाममात्र ही पैसा लिया। हिंगोरानी परिवार का धर्मेंद्र ने ताउम्र एहसान माना, कभी भी उनसे पैसे की डिमांड नहीं की।
धर्मेन्द्र ने एक बार सलमान खान के शो ’10 का दम’ में बताया था कि उन्हें अपनी पहली फिल्म ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ के लिए 51 रूपये मिले थे। धर्मेन्द्र इस एपिसोड में अपने बड़े बेटे सनी देओल के साथ आए थे। शो में सलमान ने धर्मेन्द्र से उनसे उनकी पहली फिल्म की सैलरी के बारे में पूछा। धर्मेंद्र ने कहा था एक फिल्म मिली थी, अर्जुन हिंगोरानी की। तीन पार्टनर थे और मैं केबिन के किनारे बैठा था सोच रहा था कि मुझे कम से कम 5,000 मिलेंगे, लेकिन उन्होंने साइनिंग अमाउंट के तौर पर सिर्फ 51 रूपये दिए।’
