उज्जैन:विकास प्राधिकरण द्वारा कुंभ नगरी बनाए जाने के लिए किसानों की जमीन लैंड पूलिंग योजना के तहत ली जा रही है जिसमें 50′ जमीन किसानों के पास रहेगी बाकी की जमीन पर विकास कार्य होंगे. उक्त योजना के लिए कंसल्टेंट की नियुक्ति भी कर दी गई है.नवभारत से चर्चा में विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी ने बताया कि 23 हेक्टेयर जमीन किसानों से लैंड पुलिंग योजना के तहत ली जा रही है, जिसमें विभिन्न धाराओं का प्रकाशन अब किया जाने वाला है, इसके बाद किसानों के दावे आपत्तियों को सुना जाएगा.
सिंहस्थ 2028 में फायदा
सिंहस्थ 2028 के मद्देनजर जो कुंभ नगरी बनाई जा रही है, उसमें कई प्रकल्प स्थापित किए जाएंगे. इसके लिए विकास प्राधिकरण सड़क, नाली सीवरेज सिस्टम तैयार करेगा, जिसमें 2000 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी. इस योजना से 30 करोड़ श्रद्धालुओं से लेकर किसानों और साधु संतों को स्थाई रूप से फायदा पहुंचेगा.
प्रयागराज महाकुंभ से सबक
यूडीए के सीईओ संदीप सोनी ने बताया कि प्रयागराज महाकुंभ में 20 करोड़ श्रद्धालुओं का अनुमान उत्तर प्रदेश सरकार ने लगाया था, सरकार को उम्मीद थी कि 40 करोड़ श्रद्धालु भी आये तो हमारी व्यवस्था पूरी है. बावजूद वहाँ 60 करोड़ श्रद्धालु पहुंच गए. यही वजह है कि प्रयागराज महाकुंभ में कुछ अप्रत्याशित घटनाएं भी हुई जिसमें कई श्रद्धालुओं की मौत भी हो गई, वहां से सबक लेते हुए उज्जैन महाकुंभ के पहले इन सब तैयारी को मूर्त रूप दिया जा रहा है.
आश्रम, अस्पताल ,स्कूल बनेंगे
25 प्रतिशत भूमि में रोड, सेंटर लाइटिंग, स्टॉर्म वाटर ड्रेन, सीवर और वाटर लाइन सहित अंडरग्राउंड विद्युत लाइन निर्माण होगा।5 प्रतिशत भूमि पर पार्क बच्चों के लिए झूले और स्लाइड, आम पब्लिक के लिए वॉकिंग पाथवे, ओपन जिम विकसित किया जाएगा. यहीं पर धार्मिक संस्थाओं को जमीन दी जाएगी आश्रम, अस्पताल ,स्कूल भी बनाए जाएंगे.
प्रदेश में सबसे बड़ी योजना
23 हेक्टेयर भूमि पर लेंड पुलिंग के तहत आकार लेने वाली यह मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी योजना बनाई जा रही. योजना का राजपत्र प्रकाशन करने की तैयारी शुरू हो गई है. विभिन्न धाराओं में इसका प्रकाशन होगा, यदि किसानों को इससे सहमति नहीं है तो वह अपने दावे आपत्ति यूडीए में लगाएंगे जिनका निराकरण किया जाएगा.
मिल का पत्थर साबित होगी योजनाः सोनी
किसानों ने यह योजना समझ ली है, यदि बावजूद इसके किसी को आपत्ति है तो अब विभिन्न धाराओं का प्रकाशन होने वाला है. वह एक बार फिर दावे आपत्तियों के माध्यम से अपनी बात रख सकते हैं. सभी समस्या का निराकरण किया जाएगा. जो योजना कुंभ नगरी के तहत बनाई जा रही है वह मिल का पत्थर साबित होगी.
संदीप सोनी, सीईओ विकास प्राधिकरणसियासत
