छतरपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में गुरुवार को छतरपुर के अटल सभागार से कलश यात्रा रवाना की गई। दोपहर करीब 2 बजे काशी से लाई गई पवित्र मिट्टी और जल से सुसज्जित कलश का विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं की मौजूदगी में यात्रा को जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।
कलश यात्रा का उद्देश्य संत रविदास जी के सामाजिक समरसता, सद्भाव, समानता और एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा 10 सितंबर तक जिले के विभिन्न गांवों और नगरों में भ्रमण करेगी तथा समाज को उनके विचारों से जोड़ने का प्रयास करेगी।
इस अवसर पर विधायक ललिता यादव, भाजपा प्रदेश मंत्री अर्चना गुड्डू सिंह, चंदला विधायक दिलीप झा सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
