मैनिट और बजाज ऑटो में समझौता, बेस्ट स्किल ट्रेनिंग सेंटर की होगी स्थापना

भोपाल। मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान मैनिट भोपाल ने बजाज ऑटो लिमिटेड के साथ मिलकर इंजीनियरिंग स्किल डेवलपमेंट को नया आयाम देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। संस्थान में बजाज इंजीनियरिंग स्किल ट्रेनिंग बेस्ट सेंटर की स्थापना के लिए दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ। बजाज ऑटो लिमिटेड अपनी प्रमुख सीएसआर पहल के तहत इस परियोजना में लगभग सत्रह करोड़ रुपये का योगदान देगा। मैनिट के निदेशक डॉ करुणेश कुमार शुक्ला और बजाज ऑटो लिमिटेड के उपाध्यक्ष सीएसआर सुधाकर गुडिपाती ने दस्तावेजों का आदान प्रदान किया। कार्यक्रम में संस्थान के डॉ एस पी एस राजपूत, डॉ शैलेन्द्र जैन, डॉ खुशहाली, डॉ सुषमा गुप्ता, प्रो अरविंद मित्तल, डॉ अखिलेश बर्वे सहित विभिन्न विभागों के सदस्य उपस्थित रहे। बेस्ट सेंटर की शुरुआत दो प्रमुख क्षेत्रों से होगी। इनमें एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग रोबोटिक्स और ऑटोमेशन तथा ई मोबिलिटी शामिल हैं। इन क्षेत्रों के माध्यम से छात्रों को मेकाट्रॉनिक्स, मोशन कंट्रोल, सेंसर टेक्नोलॉजी, ऑटोमेशन में रोबोटिक्स, ईवी चार्जर, बैटरी पैक डिजाइन जैसे उद्योग उन्मुख कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा।जानकारी के अनुसार आवश्यक प्रयोगशालाओं और उपकरणों की स्थापना का पूरा व्यय बजाज ऑटो उठाएगा। पाठ्यक्रम कंपनी के विशेषज्ञ इंजीनियरों और वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा तैयार किया गया है. जिससे उद्योग की बदलती मांगों के अनुरूप प्रशिक्षण सुनिश्चित हो सके। मैनिट के छात्रों को अपनी शैक्षणिक डिग्री के साथ मैनिट और बजाज ऑटो का संयुक्त प्रमाणपत्र भी मिलेगा। इससे रोजगार के अवसर और उद्योग में प्रतिस्पर्धा क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। मैनिट के निदेशक ने इस पहल को इंजीनियरिंग शिक्षा को उद्योग से सीधे जोड़ने वाला ऐतिहासिक प्रयास बताया। बजाज ऑटो के उपाध्यक्ष ने कहा कि यह पहल युवाओं को भविष्य की वैश्विक तकनीकी मांगों के अनुरूप तैयार करने की कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का हिस्सा है। परियोजना के संचालन के लिए मैनिट द्वारा एक परियोजना प्रमुख नियुक्त किया जाएगा जो पाठ्यक्रम और प्रशिक्षण प्रक्रिया का समन्वय संभालेंगे।

Next Post

एसआईआर के कार्य में लापरवाही पर कांग्रेस ने जिलाधीश को सौंपा ज्ञापन

Mon Nov 24 , 2025
ग्वालियर। ग्वालियर में एसआईआर के कार्यों में हो रही लापरवाही, रेत माफिया की बेलगाम मनमानी, यातायात अवरोधों से जन्मी दुर्घटनाओं के साथ-साथ अपराधी राज, गुंडागर्दी, लूट, हत्या, दुष्कर्म छेड़छाड़ तथा नशे के काले कारोबार पर तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव के नेतृत्व […]

You May Like