
इंदौर. इंदौर-देपालपुर मार्ग पर तेज रफ्तार वाहन लगातार हादसों को जन्म दे रहे हैं. रविवार रात कार की जोरदार टक्कर में दो महिलाओं सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. ग्रामीणों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा उपायों की मांग तेज कर दी है.
रविवार देर रात देपालपुर के पास गौतमपुरा स्थित सांवरिया गार्डन के सामने हादसा तब हुआ, जब एक तेज रफ्तार कार ने बाइक पर सवार लोगों को सीधी टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी लोग सड़क पर दूर-दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मार्ग पर अफरातफरी की स्थिति बन गई. हादसे में घायल लोगों की पहचान मोहन पिता गणपत, मनीषा पति जितेंद्र, तेजूबाई पति मोहन, रवि पिता ओमसिंह, भेरूलाल पिता बृजलाल और दिलीप पिता ओम के रूप में हुई है. सभी ग्राम गिरोता और फुलना के रहने वाले हैं और एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. घटना के बाद घायलों को देपालपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से उन्हें एमवाय अस्पताल इंदौर रेफर किया. ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों को रोकने के लिए स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन कार्रवाई न होने के कारण हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं.
