डिप्रेशन में मेडिकल स्टोर संचालक ने जान दी, निर्माणाधीन मकान से गिरकर श्रमिक की मौत

इंदौर. शहर के विभिन्न इलाकों से रविवार को चार दर्दनाक घटनाएँ सामने आईं. कहीं मानसिक तनाव से परेशान मेडिकल स्टोर संचालक ने जहरीली गोली खा ली, तो कहीं काम के दौरान असंतुलित होकर गिरने से श्रमिक की मौत हो गई. उधर, नशे में धुत बाइक सवार की लापरवाही ने एक बेग कारीगर की जान ले ली, जबकि खुड़ैल क्षेत्र में एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. चारों मामलों में पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

रावजी बाजार थाना क्षेत्र के साउथ तोड़ा में मेडिकल स्टोर संचालक 35 वर्षीय तौफीक ने कथित तौर पर लंबे समय से चल रहे डिप्रेशन के कारण जहरीली गोली खाकर आत्महत्या कर ली. जांच अधिकारी ने बताय कि तौफीक मानसिक तनाव से जूझ रहा था. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में मर्ग कायम कर किया है, आत्महत्या के पीछे वास्तविक कारणों की जांच जारी है. तीन इमली इलाके में निर्माण कार्य के दौरान एक श्रमिक की मौत ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी. मृतक 38 वर्षीय कमलेश, निवासी अशोकनगर, कुछ दिन पहले रोज़गार की तलाश में इंदौर आया था. काम करते वक्त वह दूसरी मंज़िल से अचानक नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. पुलिस हादसे में लापरवाही की संभावना सहित हर पहलू से जांच कर रही है. नगर निगम सर्विस रोड पर हुई एक और घटना में 37 वर्षीय शैलेश, निवासी विजय नगर, को नशे में धुत एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी. बेग कारीगरी का काम करने वाला शैलेश पैदल जा रहा था कि अचानक आई बाइक ने उसे उड़ा दिया. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. खुड़ैल क्षेत्र के ग्राम गारिया खुड़ेल में 26 वर्षीय जितेंद्र ने अज्ञात कारणों के चलते जहर खा लिया. परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. एक ही दिन में हुई इन चार घटनाओं ने शहर में सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और लापरवाही से होने वाली मौतों पर नए सिरे से सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस सभी मामलों में जांच में जुटी है.

Next Post

लोधिया कुंड में पिकनिक के दौरान छात्र की डूबकर मौत

Sun Nov 23 , 2025
इंदौर. सिमरोल क्षेत्र के लोधिया कुंड में एक बार फिर लापरवाही जानलेवा साबित हुई. रीवा का रहने वाला 22 वर्षीय छात्र अपने दो साथियों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचा था, जहां नहाते समय उसका पैर फिसला और वह गहरे पानी में समा गया. पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के […]

You May Like