
इंदौर. सिमरोल क्षेत्र के लोधिया कुंड में एक बार फिर लापरवाही जानलेवा साबित हुई. रीवा का रहने वाला 22 वर्षीय छात्र अपने दो साथियों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचा था, जहां नहाते समय उसका पैर फिसला और वह गहरे पानी में समा गया. पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला.
श्रेयांश पिता आनंदीलाल गुप्ता, निवासी रीवा, होलकर साइंस कॉलेज में पढ़ाई के साथ पीएससी की तैयारी कर रहा था. वह भोलाराम उस्ताद मार्ग पर किराए के कमरे में रहता था. रविवार को वह एक युवक और एक युवती के साथ सिमरोल से करीब 10 किमी अंदर लोधिया कुंड पहुंचा. नहाते समय उसका संतुलन बिगड़ा और वह गहराई में डूबने लगा. उसके साथी युवक ने हाथ पकड़कर बचाने की कोशिश की, लेकिन खुद भी पानी में डूबने लगा. युवती ने उसे खींचकर बाहर निकाला, लेकिन श्रेयांश को नहीं बचाया जा सका. साथियों ने तुरंत पुलिस को कॉल किया. बाद में पुलिस और ग्रामीणों ने पहुंचकर तलाश की और शव को कुंड से बाहर निकाला. इस स्थान पर पहले भी तीन–चार लोग हादसे का शिकार हो चुके हैं.
