
सीधी। सरस्वती शिशु मंदिर के पूर्व छात्र परिषद द्वारा आयोजित व्यक्तित्व विकास कार्यशाला का समापन इंजीनियरिंग महाविद्यालय रीवा के डीन और ख्यातिप्राप्त प्राध्यापक और उद्घोषक पूर्व छात्र डॉ.संदीप पाण्डेय के मुख्य आतिथ्य एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग सम्पर्क प्रमुख पूर्व छात्र नरेन्द्र केसरवानी की अध्यक्षता एवं प्रभारी प्राचार्य कप्तान सिंह चौहान, प्रधानाचार्य राम शिरोमणि शर्मा के विशिष्ट आतिथ्य एवं वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता स्काउट गाइड के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र मणि दुबे के संयोजकता में हर्ष उल्लास के साथ संपन्न हुई।
पूर्व छात्र परिषद द्वारा आयोजित व्यक्तित्व विकास कार्यशाला में बच्चों को संबोधित करते हुए रीवा इंजीनियरिंग कॉलेज के डीन डॉ.संदीप पाण्डेय ने कहा कि कहा कि आज मैं जिस स्थिति में हूं, उसमें पूरा का पूरा योगदान विद्यालय का है। छात्र जीवन स्वर्णिम जीवन होता है। इस जीवन का बड़ा महत्व है। जो कुछ हम सीखते हैं उसे हम सारी उम्र इंप्लीमेंटेशन करते हैं। विद्या शिक्षा के साथ-साथ जीवन जीने की कला सिखाती है। हमें समाज के साथ, समाज की सारी ताकतों के साथ लडक़र जीवन जीना है। डॉ.पाण्डेय ने कहा कि ज्ञान भाषा की मोहताज नहीं होती है। साइंस का विद्यार्थी नीट परीक्षा के द्वारा मेडिकल क्षेत्र में, मैथ का विद्यार्थी जेईई के द्वारा इंजीनियरिंग क्षेत्र में और सभी संकाय के विद्यार्थी सीयूईटी की परीक्षा के द्वारा सिविल सर्विस एवं अन्य क्षेत्र में अपना कैरियर बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि आचार्य लोग अपनी इच्छाओं का दमन करके आपके विकास हेतु लगातार मेहनत कर रहे हैं तो हमें उनकी बातों को ध्यान से सुनना चाहिए। हमें अपने धर्म संस्कृति के बारे में भी विद्यालय में सिखाया जाता है। उन्होंने कहा कि माता-पिता और गुरु से बढक़र दुनिया में कोई बड़ा नहीं है, जो कि अपने से अच्छा बनाना चाहते हैं। हमें ईश्वर पर विश्वास करना चाहिए, जो एक ऐसी शक्ति है जो हमारे मेहनत का हमेशा दुगना करके वापस करती है। ईश्वर रूपी सीसीटीवी कैमरा हमारे ऊपर 24 घंटे नजर लगाए हुए हैं। अत: हमें कभी भी गलत काम नहीं करना चाहिए। इंजीनियरिंग महाविद्यालय रीवा के डीन डॉ संदीप पाण्डेय ने छात्रों के प्रोत्साहन के लिए प्रदेश में टॉप करने वाले विद्यार्थी को 5100 नगद पुरस्कार देने की भी घोषणा की। साथ ही इंजीनियरिंग व मेडिकल क्षेत्र में चयनित छात्र-छात्राओं को उचित सहायता देने का भी ऐलान किया, जिसका उपस्थित छात्र छात्राओं ने जोरदार तालियां बजाकर अभिनंदन किया। इस कार्यक्रम में छात्र आयुष मिश्रा, वेद सिंह के द्वारा अतिथियों का रोली चंदन द्वारा स्वागत किया गया। अंत में क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त रश्मि सिंह को नगद 1100 रूपए एवं अन्य द्वितीय तथा तृतीय विद्यार्थियों को पारितोषिक द्वारा पुरस्कृत किया गया। अतिथियों का आभार प्रदर्शन विद्यालय के प्रधानाचार्य रामशिरोमणि शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के बृहस्पति मिश्रा, अमृतलाल सोनी, अनुराधा मिश्रा, रश्मि द्विवेदी, संगीता सिंह, दिवाकर द्विवेदी सहित अनेक आचार्य हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी के सैकड़ो छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
