विभिन्न देशों के नेताओं से मिले मोदी, भारत, आस्ट्रेलिया और कनाड़ा ने प्रौद्योगिकी नवाचार साझेदारी की

जोहान्सबर्ग 22 नवम्बर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को यहां जी 20 देशों के शिखर सम्मेलन से अलग विभिन्न देशों के नेताओं के साथ मुलाकात की और द्विपक्षीय तथा वैश्विक महत्व के मुद्दों पर चर्चा की। इन मुलाकातों के दौरान भारत, आस्ट्रेलिया और कनाड़ा ने प्रौद्योगिकी और नवाचार साझेदारी पर हस्ताक्षर भी किये।

श्री मोदी जी 20 देशों के नेताओं के 20 वें सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए तीन दिन की यात्रा पर शुक्रवार को यहां पहुंचे थे। शिखर सम्मेलन से इतर उन्होंने इन नेताओं के साथ मुलाकात की। उन्होंने आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज , कनाड़ा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी , ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर , संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, ब्राजील के राष्ट्रपति लुईज़ इनासियो लूला दा सिल्वा और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्यांग से मुलाकात की। उन्होंने सिलसिलेवार सोशल मीडिया पोस्ट में इसकी जानकारी दी।

आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज और कनाड़ा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से एक साथ मुलाकात को उन्होंने ‘तीन तरफा प्रौद्योगिकी और नवाचार साझेदारी’ करार दिया। उन्होंने कहा कि तीनों देश भविष्य की पीढियों के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं।

सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा,” एक नई तीन-तरफ़ा टेक्नोलॉजी और इनोवेशन पार्टनरशिप! जोहान्सबर्ग में जी 20 समिट के दौरान ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ बहुत अच्छी मीटिंग हुई। हमें आज ऑस्ट्रेलिया-कनाडा-इंडिया टेक्नोलॉजी और इनोवेशन (एसीआईटीआई) पार्टनरशिप की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। यह पहल तीन महाद्वीपों और तीन महासागरों में डेमोक्रेटिक पार्टनर्स के बीच उभरती टेक्नोलॉजी में सहयोग को और गहरा करेगी, सप्लाई चेन के डायवर्सिफिकेशन, क्लीन एनर्जी और एआई को बड़े पैमाने पर अपनाने में मदद करेगी।हम आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य की गारंटी देने के लिए मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं! ”

श्री स्टारमर से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा ,” जोहान्सबर्ग में प्राइम मिनिस्टर कीर स्टारमर से मिलना बहुत अच्छा रहा। यह साल इंडिया- ब्रिटेन पार्टनरशिप में नई ऊर्जा लेकर आया है और हम इसे कई क्षेत्रों में आगे बढ़ाते रहेंगे।”

श्री गुटेरेस के साथ मुलाकात के बाद उन्होंने कहा ,” जी 20 जोहान्सबर्ग समिट के दौरान यूनाइटेड नेशंस के सेक्रेटरी जनरल मिस्टर एंटोनियो गुटेरेस के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई।”

श्री लूला के साथ मुलाकात के बाद उन्होंने कहा,” प्रेसिडेंट लूला से मिलना हमेशा खुशी की बात होती है। भारत और ब्राज़ील अपने लोगों के फ़ायदे के लिए ट्रेड और कल्चरल लिंकेज को बढ़ाने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।”

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति के साथ बातचीत के बाद उन्होंने कहा,” जोहान्सबर्ग जी 20 समिट के दौरान रिपब्लिक ऑफ़ कोरिया के प्रेसिडेंट मिस्टर ली जे-म्यांग के साथ बहुत अच्छी मीटिंग हुई। यह इस साल हमारी दूसरी मीटिंग है, जो हमारी स्पेशल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप में मज़बूत रफ़्तार का इशारा है। हमने अपने इकोनॉमिक और इन्वेस्टमेंट लिंकेज को और गहरा करने के लिए अपने नज़रिए साझा किए।”

श्री मोदी ने यात्रा के पहले दिन शुक्रवार को श्री अल्बानीज के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की थी। इसके बाद उन्होंने कहा था, ” ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री अल्बानीज़ के साथ बहुत अच्छी मीटिंग हुई। इस साल, हमारे देशों के बीच स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप के 5 साल पूरे हो रहे हैं और इन सालों में ऐसे बड़े बदलाव आए हैं जिनसे हमारा सहयोग और गहरा हुआ है। आज हमारी बातचीत के दौरान, तीन खास सेक्टर, डिफेंस और सिक्योरिटी, न्यूक्लियर एनर्जी और ट्रेड पर ज़ोर दिया गया, जहाँ रिश्तों को और बढ़ाने की बहुत ज़्यादा गुंजाइश है। जिन दूसरे सेक्टर पर बात हुई उनमें एजुकेशन, कल्चरल लेन-देन और भी बहुत कुछ शामिल था।”

 

Next Post

छत्तीसगढ़ में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, बीएलओ कर रहे घर-घर सर्वे

Sat Nov 22 , 2025
मनेंद्रगढ़, 22 नवम्बर (वार्ता) चुनाव आयोग की ओर से शुरू किये गये विशेष मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत छत्तीसगढ़ मनेंद्रगढ़ में बुथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना पत्रक एकत्र कर रहे हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार वार्डों में नियुक्त सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्र में मतदाता […]

You May Like