कोलकाता, 22 नवंबर (वार्ता) पश्चिम बंगाल में 2026 के राज्य विधानसभा चुनाव करीब आ रहे हैं, ऐसे में उम्मीद जतायी जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, आगामी दिसंबर महीने के दूसरे सप्ताह में राज्य का दौरा कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो इसे राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनावी अभियान का बिगुल फूंकने के तौर पर देखा जायेगा।
पार्टी की बंगाल इकाई ने 13 या 14 दिसंबर को हुगली जिले के आरामबाग में रैली करने की इजाज़त के लिए स्थानीय प्रशासन से संपर्क किया है। इसके अलावा भी शुक्रवार को हुई पार्टी की राज्य स्तरीय बैठक के बाद तैयारियों में तेज़ी आ गई है। इस बैठक में इशारा दिया गया था कि श्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली के कई बड़े नेता दिसंबर से बंगाल के कई दौरे शुरू करेंगे।
श्री शाह के दिसंबर के आखिर में राज्य का दौरा करने की उम्मीद है, और इसके लिए 19 दिसंबर के बाद कोलकाता में एक मीटिंग हो सकती है, जिसमें पार्टी की तैयारियों का जायजा लिया जाएगा। भाजपा के इन हाई-प्रोफ़ाइल दौरों के बावजूद, पार्टी की नई राज्य कार्यकारिणी की घोषणा नहीं हुयी है। उम्मीद है कि अगले महीने राज्य के प्रमुख शमिक भट्टाचार्य की नेतृत्व में इसे बनाया जाएगा। श्री शाह अपने कोलकाता दौरे के दौरान नई बनी टीम की जानकारी या समीक्षा कर सकते हैं।
