इंदौर: क्राइम ब्रांच ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत माल गोदाम क्षेत्र से एक तस्कर को दबोचा. आरोपी के पास से लगभग 60.08 ग्राम एमडी बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब छह लाख रुपए बताई जा रही है.शहर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस आयुक्त के निर्देश पर क्राइम ब्रांच ने लगातार कार्रवाई तेज कर रखी है. इसी क्रम में टीम ने लक्ष्मीबाई नगर स्थित माल गोदाम कार्यालय के पास से संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक युवक को पकड़ा.
पुलिस को देखकर घबराए इस युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से 60.08 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ‘एमडी’ बरामद हुआ. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कुलदीप मेघवाल, निवासी झालावाड़ (राजस्थान) बताया. वह पेशे से पेंटर है और पांचवीं तक पढ़ा है. पकड़े जाने के दौरान उसने भागने की कोशिश भी की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। बरामद एमडी की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 6 लाख रुपए आंकी गई है.
आरोपी ने बताया कि वह सस्ते दामों पर मादक पदार्थ खरीदकर शहर में नशे के आदी लोगों को अधिक दामों पर बेचता था. क्राइम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. एडीसीपी राजेश दंडोतिया का कहना है कि शहर में मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वालों की पहचान कर लगातार दबिश दी जा रही है. आरोपी से नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रह सके.
