
खंडवा। उत्तर भारत से सर्दीली हवाएं चलने के बाद ठंड तेवर दिखाने लगी है। दिनभर हवाएं सिहरन पैदा कर रही हैं। दिन में भी गर्म कपड़ों और स्वेटरों की जरूरत पड़ रही है। शाम ढलते ही कड़ाके की ठंड का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। सुबह सुबह कोहरा भी छाने लगा है।
दिन छोटे होने लगे
पारे में गिरावट से आमजन जीवन भी प्रभावित होने लगा है। सुबह बाजार देर से खुलने के साथ शाम ढलते ही चहल पहल और रौनक कम हो जाती है। स्वेटर और गर्म कपड़ों के साथ ही गरमागरम सामग्री की पूछ परख बढ़ गई है।
गजक और गराडू पसंद करने लगे लोग
बजार में गजक, गराडू लोग पसंद कर रहे हैं। मौसम के मिजाज से जनस्वास्थ्य पर भी प्रभाव पड़ने लगा है। खासकर छोटे बच्चे ठंड की वजह से सर्दी व बुखार के शिकार हो रहे हैं।
बच्चे और वृद्धों को संभालें
जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में शिशुरोग विशेषज्ञ के कक्ष में उपचार के लिए बच्चों को लेकर परिजन पहुंच रहे हैं। वहीं ठंड से हदयरोग और दमा के मरीजों को भी दिक्कतें पेश आने लगी है। ठंड से बचाव के लिए लोग गर्म कपड़ों के साथ ही अलाव का सहारा लेने लगे हैं। कभी दिन का अधिकतम तापमान नीचे जा रहा है तो कभी रात का तापमान चढ़ रहा है।
गर्म कपड़ों की डिमांड
गुलाबी ठंड के दस्तक देने के साथ ही गर्म कपड़ो की भी डिमांड बढ़ गई है। शहर में जगह-जगह शाल-कंबल की दुकाने सजी नजर आ रही है वही स्थानीय सिनेमा चौक स्थित दधीचि पार्क पर ऊनी वस्त्र बेचने आए तिब्बतियों की दुकान पर गर्म कपड़े खरीदने लोग पहुंच रहे हैं।
