सीहोर। लगातार दूसरे दिन तापमान में गिरावट हुई और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रिकार्ड किया गया. यह सीजन की सबसे ठंडी रात रही. हालांकि एक दिन पहले रविवार को न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री दर्ज किया गया था. मौसम विभाग ने अगले तीन दिन और ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना जताई है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हिमालय की ओर से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण मौसम में परिवर्तन हुआ है.
रविवार-सोमवार की मध्य रात सीजन की सबसे ठंडी रात रही. ऐसे में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री लुढ़ककर 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री रिकार्ड किया गया. आरएके कॉलेज स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के विशेषज्ञ डॉ. सत्येंद्र सिंह तोमर के अनुसार उत्तर से आ रही हवा की रफ्तार करीब 6 से 7 किमी प्रति घंटा रही. जिसके कारण तापमान में तेजी से गिरावट हो रही है. डॉ. तोमर के अनुसार ठंड अधिक पडऩे से खेतों में चना व अन्य फसलों को लाभ हो रहा है. लेकिन उन्होंने बताया कि ऐसे में जड़माहू फसलों को नुकसान पहुंचा सकता है. इसके लिए विशेषज्ञों से चर्चा कर दवा डालकर सिंचाई करने की बात कही है. उन्होंने बताया कि अगले तीन दिनों तक रात का तापमान गिरेगा. हिमालय की ओर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण दिन में भी ठंड का प्रभाव बना रह सकता है. फिलहाल कोई भी पश्चिमी विक्षोभ नहीं बना है. इस कारण मौसम साफ है. बादल नहीं होने से दिन में सूर्य की किरणें फैल रही हैं, जिससे सीधा प्रभाव न पडऩे से ठंडक अधिक है.
