
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर आयोजित भोपाल नगर निगम के पार्षद एवं पार्षद प्रत्याशियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि एसआईआर प्रक्रिया मतदाता सूची को पारदर्शी तथा और विश्वसनीय बनाने का माध्यम है। एसआईआर अभियान में पार्टी के सभी कार्यकर्ता सहभागी बनें और मतदाताओं का सहयोग करें। एसआईआर के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता प्रतिदिन समय निकालकर अपने वार्ड के प्रत्येक बूथ पर जाएं। यह देखें कि उनके क्षेत्र के कौन-कौन से मतदाता काम के सिलसिले में बाहर गए हैं, किसकी मृत्यु हो चुकी है और कौन सा मतदाता बाहरी है। यदि आपकी जानकारी में ऐसे प्रकरण आते हैं कि किसी एक व्यक्ति का नाम अनेक जगहों पर मतदाता सूची में दर्ज है, तो इस बात को निर्वाचन आयोग की जानकारी में लाएं और यह सुनिश्चित कराएं कि उस मतदाता का नाम एक ही स्थान पर रहें। बैठक को जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति ने भी संबोधित किया। इस दौरान महापौर श्रीमती मालती राय मंचासीन रही।
