
नई दिल्ली, 19 नवंबर 2025: भारत में सोने और चांदी के दामों में लगातार गिरावट का रुझान जारी है। इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा 18 नवंबर 2025 को जारी ताजा रेट के अनुसार, 24 कैरेट सोने का दाम घटकर ₹1,22,924 प्रति 10 ग्राम रह गया है। वहीं, चांदी का भाव भी नीचे आकर ₹1,54,933 प्रति किलो दर्ज किया गया। दिल्ली के स्थानीय बाजार में 24 कैरेट सोने की कीमत ₹1,29,700 प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत ₹1,63,800 प्रति किलो रही।
अंतर्राष्ट्रीय और वायदा बाजार का हाल
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 4,077.35 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा, जबकि चांदी 50.89 डॉलर प्रति औंस पर हल्की बढ़त पर रही। हालांकि, वायदा बाजार में दबाव बना रहा। एमसीएक्स पर दिसंबर डिलीवरी वाले सोने का भाव ₹1,22,332 प्रति 10 ग्राम रहा, जबकि दिसंबर चांदी वायदा घटकर ₹1,54,074 प्रति किलो रह गया। पिछले सप्ताह फेड के ब्याज दरों में कटौती के संकेत न मिलने से सोने और चांदी दोनों में बड़ी गिरावट आई है।
एक्सपर्ट्स ने बताया दबाव का कारण
एक्सपर्ट्स का कहना है कि मजबूत डॉलर के कारण सोने में स्थिरता और हल्की गिरावट जारी है। चीन-जापान तनाव और अमेरिका फेड की टिप्पणियों ने भी बाजार को प्रभावित किया है। वैश्विक और घरेलू दोनों कारकों के कारण सोने-चांदी के दाम दबाव में बने हुए हैं और निकट भविष्य में भी यही रुझान जारी रहने की संभावना है।
