सीहोर। रात के बाद अब दिन के तापमान में भी गिरावट आने लगी है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 1 डिग्री लुढ़ककर 26.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है. दिन में भी शीतलहर के असर से ठिठुरन बढ़ गई है. वहीं दूसरे दिन न्यूनतम तापमान में 1.5 डिग्री की बढ़ोत्तरी हुई और पारा 6.5 डिग्री रिकार्ड हुआ. तापमान में भले ही हल्की बढ़ोत्तरी हुई है लेकिन शीतलहर के कारण हाड़ कंपकपाने वाली ठंड महसूस हुई.
सुबह के समय खेतों में फसलों पर ओस की बूंदें ऐसी नजर आ रही थीं कि मानो बर्फ की चादर बिछ गई हो. मौसम विभाग की मानें तो अभी तीन दिन और ऐसा ही मौसम रहेगा. इसके बाद हवा का रुख दक्षिण-पूर्वी होगा, जिससे रात के समय तेज ठंड से मामूली राहत मिलेगी. पिछले 10 दिन से लगातार तेज ठंड का दौर बना हुआ है. एक दिन पहले सोमवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. जो सीजन की सबसे ठंडी रात थी. इन दिनों एक तरफ पूरे प्रदेश में शीतलहर का असर बना हुआ है. अधिकांश जिलों में स्कूलों का समय भी बदल दिया गया है, लेकिन सीहोर जिले में स्कूल का समय देरी से करने को लेकर अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है. यहां तक भोपाल के कलेक्टर ने भी स्कूलों का समय बदलने के आदेश जारी कर दिए हैं, लेकिन सीहोर कलेक्टर ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है. यदि ऐसा ही रहा तो तेज ठंड का असर बच्चों की सेहत पर भी पड़ सकता है, क्योंकि कई स्कूलों में सुबह 8 से 8.30 के बीच प्राइमरी और मिडिल की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं.
