इंदौर: मानपुर क्षेत्र में एक विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष पर आर्थिक मांग को लेकर मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. कोर्ट के आदेश का पालन न करने की बात भी सामने आई है.ग्राम नाहरखेड़ी की एक महिला ने अपने पति दिलीप कटारे, ससुर कैलाश और सास बुधीबाई पर गंभीर आरोप लगाते हुए मानपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. प्रमिलाबाई कटारे ने बताया कि कल शाम करीब 4 बजे तीनों आरोपी घर आए और मायके से रुपए लाने की बात को लेकर उसे तथा उसके बेटे-बेटी को अश्लील गालियां देने लगे.
पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ थप्पड़-मुक्के से मारपीट की. उसने बताया कि महू कोर्ट द्वारा उसे रहने के लिए घर देने का आदेश दिया जा चुका है, लेकिन आरोपी इस फैसले को मानने से इनकार करते हैं. महिला ने यह भी आरोप लगाया कि ससुरालवालों ने धमकी दी कि यदि वह बच्चों सहित घर से नहीं निकली तो उसे और बच्चों को जान से खत्म कर देंगे. पुलिस ने पति, ससुर और सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
