अस्पताल में पिता-पुत्र पर हमला: स्वास्थ्यकर्मियों ने किया काम बंद, एएसपी को ज्ञापन; समझाईश के बाद काम पर लौटे

सीहोर। बीती रात जिला अस्पताल में उस वक्त अफरातफरी और दहशत का माहौल निर्मित हो गया जब वहां पहुंचे कुछ युवकों ने अस्पताल के एक कर्मचारी और उसके बेटे के साथ जमकर मारपीट शुरू कर दी. अस्पताल की चौकी में मौजूद एकमात्र नगर सैनिक के सामने युवकों द्वारा मारपीट की जाती रही. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भाग निकले. बताया जाता है कि घटना से कुछ देर पहले भोपाल नाके पर युवकों ने कर्मचारी और उसके बेटे के साथ मारपीट कर दी थी. इस घटना से अस्पताल के कर्मचारियों में आक्रोश निर्मित हो गया. उन्होंने सोमवार को सुबह काम बंद रखा और एसपी आफिस पहुंचकर ज्ञापन सौंपा. हालांकि पुलिस ने रात में ही दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया था. अधिकारियों की समझाईश के बाद स्वास्थ्यकर्मी काम पर लौटे.

जानकारी के अनुसार बीती रात अंबेडकर नगर निवासी टेंट हाउस संचालक 27 वर्षीय प्रवेश परिहार आ. हरीसिंह परिहार भोपाल नाका से अपने घर जा रहा था. तभी सड़क पर अचानक दीपक परमार नामक युवक उसकी बाइक के सामने आ गया. इस दौरान दोनों में कहासुनी हुई. दीपक ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रवेश परिहार के साथ मारपीट कर दी. प्रवेश वहां से घर पहुंचा और अपने पिता हरीसिंह को घटना के बारे में बताया. इसके बाद दोनों वापस भोपाल नाके पहुंचे और दीपक परमार से बात कर रहे थे तभी दीपक ने अपने दो साथियों नवीन राठौर और भानू राठौर के साथ मिलकर पिता- पुत्र की भी पिटाई करते हुए उन्हें गंभीर घायल कर दिया.

पुलिसकर्मी के सामने ही लात- घूंसों से जमकर पीटा

मारपीट में घायल होने के बाद हरीसिंह व उसका बेटा इलाज कराने जिला अस्पताल पहुंचे. थोड़ी देर में वहां भी दीपक परमार और उसके साथी आ धमके और मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान वहां चौकी में मात्र एक नगरसैनिक भोंदरसिंह मौजूद था. उसके सामने ही आरोप युवक पिता- पुत्र के साथ मारपीट करते रहे जिससे वहां अन्य मरीजों और लोगों में दहशत का माहौल निर्मित हो गया था. इतना ही नहीं आरोपियों ने नगर सैनिक का डंडा भी छीनने का प्रयास किया था. काफी देर तक मारपीट करने व उत्पात मचाने के बाद आरोपी वहां से भाग निकले. घायल पिता पुत्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया. देर रात पुलिस ने प्रवेश परिहार की शिकायत पर दीपक परमार, नवीन राठौर और भानू राठौर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया था. इस मामले में डयूटी पर मौजूद नगर सैनिक भोंदरसिंह की तरफ से भी आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया गया है.

स्वास्थ्यकर्मियों ने पुलिस से मांगी सुरक्षा

इस घटना का पता सुबह अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को लगा तो वह आक्रोशित हो गए. उन्होंने काम बंद कर दिया. इस दौरान वहां पर नर्सिंग स्टॉफ और डॉक्टर भी जमा हो गए थे. जानकारी मिलने के बाद सीएमएचओ डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया भी अस्पताल पहुंच गए थे. स्वास्थ्य कर्मी घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक काम पर लौटने को राजी नहीं हुए और नारेबाजी करते रहे. इसके बाद सभी पैदल मार्च करते हुए एसपी आफिस पहुंचे. इस अवसर पर डॉ. अनुराग शर्मा, डॉ. आरके वर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा एएसपी सुनीता रावत को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने व उन पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई. पुलिस ने उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया और सीएमएचओ ने समझाईश दी तब कहीं स्वास्थ्यकर्मी काम पर लौटने को राजी हुए. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपी दीपक परमार और नवीन राठौर को गिरफ्तार कर लिया है।

इनका कहना है

दो आरोपी पकड़े गए हैं, जिनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत रात में ही प्रकरण दर्ज कर लिया गया था. हमारे द्वारा घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपी दीपक परमार और नवीन राठौर को गिरफ्तार कर लिया गया है. एक आरोपी भानू राठौर फिलहाल फरार है जिसे भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा. सैनिक भोंदरसिंह की ओर से भी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है. फुटेज भी देखे जा रहे हैं ताकि अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा सके.

रविन्द्र यादव,
थाना कोतवाली प्रभारी

Next Post

विश्व रंग का पूर्व रंग ‘युव रंग’ में गूँजा युवा रचनाकारों का स्वर

Tue Nov 18 , 2025
भोपाल। दुष्यन्त कुमार स्मारक पांडुलिपि संग्रहालय के राज सदन में आयोजित विश्व रंग के पूर्व रंग ‘युव रंग’ में शहर के विभिन्न महाविद्यालयों से आए युवा रचनाकारों ने प्रस्तुति दी. रचनाओं के माध्यम से समाज, संवेदनाओं और समकालीन मुद्दों पर युवाओं ने खुलकर अभिव्यक्ति दी। यह कार्यक्रम 27 से 29 […]

You May Like