जन सहयोग रसोई ने 11 निर्धन कन्याओं की कराई सामूहिक शादी

छतरपुर। कोरोना महामारी के दौरान जब देश भर में लोग एक-दूसरे को छूने से डर रहे थे और गरीब परिवार भोजन के लिए भी संघर्ष कर रहे थे, उसी दौर में छतरपुर के 30 लोगों ने मिलकर जन सहयोग रसोई की शुरुआत की। इन समाजसेवियों ने अपनी जेब से पैसा जुटाया और 7 जून 2021 को जरूरतमंदों को प्रतिदिन भोजन उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। समय के साथ यह टीम 125 सदस्यों तक पहुंच गई और आज भी बस स्टैंड पर रोजाना गरीबों को भोजन परोस रही है।

इस रसोई परिवार ने मानवीय सेवा की नई मिसाल पेश करते हुए 11 निर्धन कन्याओं की सामूहिक शादी धूमधाम से करवाई। छतरपुर शहर के शहनाई गार्डन में आयोजित इस भव्य समारोह में केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार, छतरपुर विधायक ललिता यादव, नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया तथा DIG विजय खत्री सहित कई प्रतिष्ठित लोग मौजूद रहे। सभी ने नवविवाहितों को आशीर्वाद देने के साथ गृहस्थी का आवश्यक सामान उपहार में प्रदान किया।

समिति के अध्यक्ष केशव चौधरी के अनुसार विवाह वैदिक रीति-रिवाज से सम्पन्न हुए। सभी दूल्हे बैंड-बाजे और घोड़े पर सवार होकर मंच तक पहुंचे, जहां उन्होंने दुल्हनों को जयमाला पहनाई। समारोह में तीन मंडप सजाए गए थे और दोनों पक्षों के लिए स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की गई थी।

Next Post

तेंदुआ वन विभाग की कैद में, ग्रामीणों को मिली राहत

Mon Nov 17 , 2025
इटारसी। ऑर्डिनेंस फैक्ट्री कर्मचारियों, पॉवरग्रिड, पथरोटा सहित आसपास के गांवों के लिए आज सुबह एक बड़ी राहत भरी खबर आई है। पिछले लगभग दो माह से ऑर्डिनेंस फैक्ट्री परिसर, पावरग्रिड और पथरौटा के रिहायशी इलाकों में लगातार अपनी मौजूदगी से दहशत मचा रहे एक तेंदुए को वन विभाग की टीम […]

You May Like