ग्वालियर: मिट्टी के अवैध खनन को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक पर हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को सिविल अस्पताल, डबरा से ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।घटना डबरा सिटी थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के पास आज रविवार को हुई।
जानकारी के अनुसार, राजेंद्र रावत अवैध रूप से मिट्टी की खदान का संचालन करता है। उस पर हत्या के प्रयास सहित आधा दर्जन से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं।चांदपुर निवासी पीड़ित कोमल रावत खदान के पास से गुजर रहा था। मिट्टी के उत्खनन को लेकर राजेंद्र और कोमल के बीच बहस हुई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई।
जब युवक ने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, तो राजेंद्र रावत ने गुस्से में आकर उसके सिर पर डंडे से वार कर दिया। युवक जब जान बचाकर भाग रहा था तभी आरोपी ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया, जिससे युवक के हाथ में गंभीर चोटें आईं। विवाद की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और घायल को सिविल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार कर ग्वालियर रेफर कर दिया।
