
जबलपुर। बिहार विधानसभा चुनाव में बिहार के मतदाताओं ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन, विकास और जनहितेषी नीतियों पर विश्वास व्यक्त करते हुये प्रचंड और ऐतिहासिक बहुमत एनडीए और भाजपा को दिया है। ये सुशासन, विकास और जनहितेषी नीतियों की जीत है। ये बातें प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बिहार चुनाव में मिली जीत के बाद भाजपा जबलपुर महानगर द्वारा आयोजित विजय उत्सव के दौरान मालवीय चौक में कहीं।
भारतीय जनता पार्टी जबलपुर महानगर द्वारा बिहार चुनाव में मिली जीत पर विजय उत्सव मनाते हुये मिष्ठान वितरण, एवं आतिशबाजी की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओ ने ढ़ोल नगाड़ो के धुन पर नृत्य करते हुये खुशी व्यक्त की। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने इस अवसर पर ये भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की जनता लगातार अपना आशीर्वाद भाजपा और एनडीए को दे रही है और इसी का परिणाम है कि बिहार की जनता ने अपना आशीर्वाद देकर संदेश दिया है कि बिहार की जनता जंगलराज और कुशासन को भूली नहीं है, पिछड़ेपन और अराजकता जो दंश वर्षों तक बिहार वर्षों पहले झेला था उससे बिहार की जनता पूर्ण रूप से मुक्ति चाहती थी और यह इस चुनाव में हमें देखने मिला है।
बिहार के जन-जन की है ये ऐतिहासिक जीत: सांसद
वहीं सांसद आशीष दुबे ने कहा कि विकास, सुशासन और विश्वास की यह ऐतिहासिक जीत वास्तव में बिहार के जन-जन की विजय है। भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने कहा बिहार चुनाव की जीत ने पूरे देश को संदेश दिया है कि जनता अब परिवारवाद, तानाशाही, भ्रष्टाचार और जंगलराज नहीं चाहती है इसीलिए भाजपा और उसके सहयोगियों को प्रचंड बहुमत दिया है।
