नयी दिल्ली ,14 नवंबर (वार्ता) बिहार विधानसभा चुनाव नतीजों के बीच कांग्रेस मीडिया प्रमुख पवन खेड़ा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तंज कसा है।
श्री खेड़ा ने शुक्रवार सुबह बिहार चुनाव नतीजों पर प्रतिक्रिया करते हुये कहा कि अब मुकाबला मुख्य चुनाव आयुक्त और बिहार की जनता के बीच है।
कांग्रेस नेता ने कहा” बिहार में मुकाबला सीधा चुनाव आयोग और वहां की जनता के बीच है। देखते हैं, कौन जीतता है। मैं राजनीतिक दलों की बात नहीं कर रहा। मैं मुख्य चुनाव आयुक्त और बिहार की जनता के बीच सीधे मुकाबले की बात कर रहा हूँ। ये तो बस शुरुआती रुझान हैं और हम थोड़ा इंतज़ार कर रहे हैं। शुरुआती रुझान तो यही बता रहे हैं कि श्री कुमार बिहार की जनता पर भारी पड़ रहे हैं। मैं बिहार की जनता को कम नहीं आंक सकता क्योंकि उन्होंने एसआईआर के बावजूद हिम्मत दिखायी है। अब देखते हैं कि आने वाले घंटों में श्री ज्ञानेश कुमार कितने कारगर साबित होते हैं।”
श्री खेड़ा ने कांग्रेस पार्टी की आगामी रणनीतियों पर कहा कि भविष्य की रणनीति को लेकर अब बात नहीं होगाी और आज सिर्फ चुनावी नतीजों पर बात होगी।
ग़ौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन शुरुआती रुझानों में महागठबंधन पर भारी नज़र आ रहा है।

