
मंदसौर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में “यूनिटी मार्च” निकाला जा रहा है। यह यात्रा मंदसौर संसदीय क्षेत्र में 19 नवम्बर को पहुंचेगी, जिसका नेतृत्व सांसद सुधीर गुप्ता करेंगे।
इस संबंध में भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित और प्रदेश मंत्री धीरज पाटीदार की उपस्थिति में बैठक आयोजित हुई। दीक्षित ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में बांधा, हमें उनके विचारों को युवाओं तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि यात्रा का शुभारंभ गुराडिया बालाजी से होगा, जो रलायता, सिंदपन, भुनियाखेड़ी, कृषि उपज मंडी, श्री कोल्ड चौराहा, रानी लक्ष्मीबाई चौराहा होते हुए सरदार पटेल चौराहा पहुंचेगी। मार्ग में किसान, व्यापारी, युवा और मातृशक्ति सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
प्रभारी धीरज पाटीदार ने कहा कि सरदार पटेल के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी कार्यकर्ता सक्रिय रूप से शामिल हों और यात्रा का भव्य स्वागत करें। बैठक में भाजपा के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्षगण व यात्रा टोली सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
