अब्रा ग्रुप ने ई195-ई2 विमानों की खरीद के लिए एम्ब्रेयर से किया समझौता

फार्नबरो (ब्रिटेन), 22 जुलाई (वार्ता) लातिन अमेरिकी हवाई परिवहन कंपनी अब्रा ग्रुप ने बीस ई195-ई2 विमानों की खरीद के लिए ब्राजील की विमान बनाने वाली कंपनी एम्ब्रेयर के साथ करार किया है।

इस समझौते के तहत बीस ई195-ई2 विमानों की खरीद के लिए पक्का करार हुआ है।इसके साथ ही 10 विमानों के लिए खरीद विकल्प और 15 के लिए खरीद अधिकार भी शामिल हैं। इस प्रकार कुल मिलाकर 45 विमानों तक की खरीद संभव होगी। अब्रा ग्रुप लातिन अमेरिका की प्रतिष्ठित और एवियांका, गोल और वामोसएयर की मूल कंपनी है।

एम्ब्रेयर ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि एम्ब्रेयर के ई-जेट ई2 परिवार का सबसे बड़ा विमान ई195-ई2 बेहतर ईंधन दक्षता, कम उत्सर्जन और यात्रियों के लिए अधिक आरामदायक अनुभव प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है। इस विमान को अपने बेड़े में शामिल कर अब्रा ग्रुप पूरे लातिन अमेरिका में अपनी उपस्थिति को और मजबूत करना चाहता है। कंपनी का उद्देश्य घरेलू और क्षेत्रीय बाजारों में संपर्क बढ़ाना, बेड़े को अधिक लचीला बनाना तथा उपयुक्त क्षमता वाले विमानों के माध्यम से नये व्यावसायिक अवसरों का लाभ उठाना है। इसके साथ ही इससे परिचालन दक्षता और ग्राहक अनुभव में भी सुधार होगा। पहले विमान की डिलीवरी वर्ष 2027 की चौथी तिमाही में होने की उम्मीद है।

अब्रा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एड्रियन न्यूहाउज़र ने कहा, “ई195-ई2 हमें अपने बेड़े के प्रभावी उपयोग की रणनीति के तहत नये अवसरों का लाभ उठाने के लिए लचीलापन प्रदान करेगा। इससे हम अपने ग्राहकों को सही समय और सही स्थान पर बेहतर अनुभव उपलब्ध करा सकेंगे। यह समझौता हमारे क्षेत्रीय और घरेलू नेटवर्क के विस्तार के साथ-साथ आधुनिक और ईंधन-कुशल अगली पीढ़ी के विमानों में निरंतर निवेश की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”

एम्ब्रेयर में वाणिज्यिक विमानन के अध्यक्ष एवं सीईओ अर्जन मेयर ने कहा, “हमें खुशी है कि हम अब्रा ग्रुप की विकास यात्रा में ई195-ई2 के माध्यम से सहयोग कर रहे हैं। यह आज उपलब्ध सबसे अधिक ईंधन-कुशल और पर्यावरण-अनुकूल सिंगल-आइल विमानों में से एक है। यह समझौता इस बात को मजबूत करता है कि छोटे विमानों में बहुउपयोगिता और बेहतर प्रदर्शन की तलाश करने वाली एयरलाइनों के लिए एम्ब्रेयर एक महत्वपूर्ण साझेदार है।”

Next Post

रहमत शाह अफगानिस्तान के टेस्ट और वनडे कप्तान नियुक्त

Wed Jul 22 , 2026
काबुल, 22 जुलाई (वार्ता) अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने बुधवार को रहमत शाह को राष्ट्रीय टीम का नया टेस्ट और एकदिवसीय कप्तान नियुक्त किया है। हशमतुल्लाह शाहिदी के एक दिन पहले इस पद से इस्तीफा देने के बाद एसीबी ने यह घोषणा की है। शाहिदी की कप्तानी में अफगानिस्तान ने […]

You May Like