तूरिन (इटली) 12 नवंबर (वार्ता) विश्व के नंबर दो टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज एटीपी फाइनल्स में अमेरिका के टेलर फ्रिट्ज को हराकर टूर्नामेंट के अगले दौर में जगह बना ली है। इसी जीत के साथ ही वह अपने करियर में दूसरी बार शीर्ष रैंकिंग हासिल करने के करीब पहुंच गए है।
स्पेन के स्टार टेनिस खिलाड़ी अल्काराज ने मंगलवार को एटीपी फाइनल्स टेनिस टूर्नामेंट में पहला सेट हारने के बाद वापसी करते हुए टेलर फ्रिट्ज को 6-7 (2), 7-5, 6-3 से हराया। छठें स्थान पर काबिज अमेरिकी खिलाड़ी पर उनकी जीत उनके करियर की 50वीं शीर्ष 10 जीत है। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले अब तक के सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में से एक हैं।
राफेल नडाल ने 2009 में 22 साल और नौ महीने की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी, लेकिन रोजर फेडरर और नोवाक जोकोविच दोनों 23 साल के थे, जब उन्होंने 2005 और 2011 में यह उपलब्धि हासिल की थी।
मैच के बाद अलकाराज ने कहा, “यह काफी कड़ा मुकाबला था। मुझे लगता है कि मैं उससे ज़्यादा दौड़ रहा था, मैं उससे ज्यादा संघर्ष कर रहा था। पहले सेट में मेरी सर्विस अच्छी नहीं रही, और वह बेसलाइन से हर चीज पर बहुत आराम से खेल रहा था, इसलिए जीत के बाद मुझे बहुत राहत मिली क्योंकि मैच में मुझे जो कुछ भी झेलना पड़ा, वह इसलिए था क्योंकि मैं गेंद को पहले राउंड अच्छे मूव नहीं कर पा रहा था। लेकिन मैं वास्तव में खुश हूं कि मुझे वापसी का रास्ता मिल गया और आखिरकार मुझे जीत मिल गई।”

