
इंदौर. लसूडिया थाना क्षेत्र की पॉश कॉलोनी ओमेक्स सिटी में दिनदहाड़े चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. सूना मकान देखकर बदमाशों ने ताले तोड़े और घर में रखे कीमती सामान के साथ बैंक लॉकर की चाबी लेकर फरार हो गए.
ओमेक्स सिटी निवासी विजयलक्ष्मी पति स्व. राजेंद्र जादौन ने लसूडिया थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है. फरियादी ने बताया कि वह किसी काम से घर से बाहर गई हुई थीं. जब वह सुबह करीब 11 बजे वापस लौटीं, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला. अंदर जाकर देखा तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और कमरे में रखी अलमारियों के लॉक भी टूटे हुए थे. अज्ञात बदमाश अलमारी में रखा कीमती सामान, नकदी और यूनियन बैंक के लॉकर की एक चाबी चोरी कर ले गए. बैंक लॉकर की चाबी चोरी होने से फरियादी और कॉलोनी के रहवासी खासे दहशत में हैं. दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद ओमेक्स सिटी के निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. सूचना मिलते ही लसूडिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया. थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ की और कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है. पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने पहले मकान की रेकी की थी और घर सूना पाते ही वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
